सलामतपुर रायसेन से अदनान खान की रिपोर्ट।

प्रदेश सरकार करोड़ों रुपए ग्रामीण खेल मैदान बनाने के लिए खर्च कर रही है। लेकिन ये योजनाएं अधिकारियों की लापरवाही की वजह से धरातल पर नही उतर पा रही हैं। इसी वजह से सांची जनपद के कई ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान की योजनाएं अधूरी पड़ी हैं। और कई स्थानों पर तो आवश्यकता होने के बाद भी खेल मैदान तैयार नही किए जा रहे हैं। और तो और कई स्थानों पर आवश्यकता नही होने के बाद भी अधूरे मैदान तैयार कर दिए गए हैं। जो मवेशियों की चारागाह बने हुए हैं। लेकिन इसके उलट सांची जनपद के अम्बाड़ी गांव में सरपंच ने मिसाल पेश करते हुए अपने निजी खर्च पर ग्राम पंचायत की खाली पड़ी जमीन को समतलीकरण कराकर बच्चों के लिए खेल मैदान तैयार किया है। अम्बाड़ी गांव में खेल मैदान नही होने के चलते बच्चे खेल का अभ्यास करने को लेकर काफी समय से परेशान थे। अभ्यास करने के लिए बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए अम्बाडी की सरपंच कुंती रमेश कुमार द्वारा अपने निजी खर्चे से ग्राम पंचायत की खाली पड़ी जमीन को समतलीकरण कराकर बच्चों के लिए खेल मैदान तैयार किया गया है। वहीं सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी फिलहाल में  व्यवस्था कर दी गई है। आगामी दिनों में प्रस्ताव बनाकर बड़े स्तर से शासन प्रशासन की मदद से खेल मैदान बनाया जाएगा। खेल मैदान तैयार होने से ग्रामीण व बच्चों के चेहरे पर खुशी देखी गई। इसके लिए उन्होंने सरपंच का आभार व्यक्त किया है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान, एडिटर इन चीफ IND28.COM