-राज्य सरकार की योजना के तहत 12 पात्र हितग्राहियों को मात्र 5 रुपये में जारी किए नवीन बिजली कनेक्शन 

अदनान खान ​सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सांची जनपद के अंतर्गत आने वाले सलामतपुर कस्बे में बुधवार को एक विशेष बिजली सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनकी बिजली संबंधी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान उपलब्ध कराना और उन्हें राहत देना है।शिविर में विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं की विभिन्न शिकायतों और मांगों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में कुल 46 आवेदन आए, जिनमें से बिजली बिल में गड़बड़ी की 5 शिकायतें, नाम परिवर्तन, लोड वृद्धि/परिवर्तन के 3 मामले और विद्युत सप्लाई से जुड़ी 5 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार की योजना के तहत 12 पात्र हितग्राहियों को मात्र 5 रुपये में नवीन बिजली कनेक्शन जारी किए गए।

कंपनी का यह संपर्क अभियान आगे भी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जारी रहेगा--शिविर के दौरान कई उपभोक्ताओं ने बकाया और चालू बिजली बिलों का भुगतान भी किया। अधिकारियों द्वारा उपस्थित लोगों को ऑनलाइन बिल भुगतान, समय पर बिल जमा करने के फायदे और शिकायत निवारण की डिजिटल प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक किया गया। सहायक यंत्री मनीष कुमार ने बताया कि इस प्रकार के अभियानों से उपभोक्ताओं को विद्युत कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है। शिविर में सहायक यंत्री मनीष कुमार सहित विद्युत विभाग की पूरी टीम उपस्थित रही। कंपनी का यह संपर्क अभियान आगे भी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जारी रहेगा, ताकि हर उपभोक्ता को उनके द्वार पर ही निर्बाध सेवा मिल सके।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28