गलती से खा ली एक्सपायरी डेट वाली दवा? घबराएं नहीं, पहले समझें जोखिम
दवाएं जीवनरक्षक होती हैं, ये आपको गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में मदद करती हैं। पर इनका लाभ तभी लिया जा सकता है जब दवा सही समय पर, सही डोज में और जांच-परख कर खाई जाए।हम सभी डिब्बाबंद सामान, दूध और रोजाना की जरूरत की चीजों के 'यूज-बाय डेट' (इस्तेमाल की आखिरी तारीख) पर बहुत ध्यान देते हैं। तय समय सीमा के बाद ये चीजें खराब हो जाती हैं। दवाओं की भी एक्सपायरी डेट होती है। ऐसे में सवाल ये है कि एक्सपायरी डेट के बाद अगर दवा खा ली तो इसका सेहत पर क्या असर होता है? क्या इससे शरीर में जहर फैल जाता है?अक्सर लोगों के मन में ये डर होता है कि अगर अनजाने में किसी ने एक्सपायर दवा ले ली है तो क्या इससे जान जा सकती है? आइए इसकी सच्चाई जान लेते हैं।
दवा की मियाद का ध्यान रखना जरूरी
हर दवा की एक मियाद होती है, जो यह बताती है कि उस तारीख तक दवा अपनी पूरी प्रभावशीलता, सुरक्षा और गुणवत्ता ठीक रखेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दवा खरीदते समय हमेशा एक्सपायरी डेट का ध्यान रखना चाहिए ताकि इसकी प्रभाविकता बनी रहे। मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि तय समय के बाद हर दवा की केमिकल संरचना बदल सकती है, उसका असर कम हो सकता है या कुछ मामलों में वह हानिकारक भी बन सकती है। एक्सपायर्ड दवा की ताकत धीरे-धीरे कम होती जाती है। अगर आप बुखार, संक्रमण या हाई ब्लड प्रेशर की दवा लेते हैं और वह एक्सपायर हो चुकी है, तो बीमारी ठीक नहीं होगी। इससे संक्रमण बढ़ सकता है या बीमारी गंभीर रूप ले सकती है।
क्या कहते हैं डॉक्टर?
एक्सपायर दवा खा लेने का शरीर पर क्या असर हो सकता है, इस बारे में समझने के लिए हमने इंटरनल मेडिसन के डॉ उत्कर्ष निगम से बात की। डॉक्टर बताते हैं, अक्सर लोग इस समस्या के साथ परेशान देखे जाते हैं कि उन्होंने या परिवार में किसी ने एक्सपायर हो चुकी दवा खा ली है तो क्या इससे जान जा सकती है? क्या मरीज को अस्पताल में भर्ती कर देना चाहिए?डॉक्टर कहते हैं, अक्सर लोग इस स्थिति में पैनिक हो जाते हैं और हड़बड़ी में अस्पताल की ओर भागते हैं।हालांकि सच्चाई ये है कि अगर किसी ने गलती से एक्सपायर हो चुकी दवा खा ली है तो डरने की जरूरत नहीं है, इससे शरीर पर तुरंत कोई गंभीर असर नहीं होता है।
इन दवाओं को लेकर सावधानी जरूरी
डॉक्टर उत्कर्ष कहते हैं, कुछ स्थितियों जैसे संक्रामक दवाओं (टेट्रासाइक्लिन या डॉक्सीसाइक्लिन) की एक्सपायरी डेट निकल जाने के बाद अगर आपने ये दवाएं खा ली हैं तो सावधान हो जाना चाहिए। यह एंटीबायोटिक दवाएं है जो बैक्टीरिया के विकास को रोकती है। मुंहासे, त्वचा संक्रमण और श्वसन संक्रमण के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता है।
अगर आपने गलती से एक्सपायर्ड टेट्रासाइक्लिन या डॉक्सीसाइक्लिन दवा खा ली है तो कुछ स्थितियों में इससे पॉइजनिंग का खतरा हो सकता है जिसका किडनी की सेहत पर असर पड़ने का खतरा रहता है।डॉक्टर कहते हैं, रूटीन दवाएं जो हम अक्सर सर्दी-खांसी, दर्द आदि के लिए लेते हैं, अगर इसे आपने एक्सपायरी डेट निकल जाने के बाद खा ली है तो इससे एकदम कोई गंभीर रिएक्शन नहीं होता है। एक्सपायरी का मतलब ये नहीं है कि इसके बाद दवा जहर बन जाएगी। इसका मतलब है कि तय सीमा के बाद उस दवा का असर खत्म हो जाता है और वो लाभ नहीं देती है।
डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए?
डॉक्टर कहते हैं, अगर आपने गलती से एक्सपायर्ड दवा खा भी ली है और कोई लक्षण नहीं हैं तो घबराने की जरूरत नहीं। लेकिन अगर उल्टी, चक्कर, एलर्जी या असामान्य लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। भविष्य में दवा लेने से पहले एक्सपायरी डेट जरूर जांचें।एंटीबायोटिक्स, इंसुलिन और लिक्विड दवाएं एक्सपायरी के बाद जोखिम भरी हो सकती है, इसलिए इनके इस्तेमाल को लेकर सावधानी जरूरी है। संक्रमण की स्थितियों में एक्सपायर हो चुकी दवा लेने से इसका शरीर पर तुरंत तो कई गंभीर असर नहीं पड़ता है, पर इससे संक्रमण के और बढ़ने का खतरा जरूर हो सकता है।

बगावत बर्दाश्त नहीं’ – टिकट विवाद पर Mamata Banerjee सख्त
बिहार को बनाएंगे देश का नंबर-1 प्रदेश – Nishant Kumar की पहली प्रतिक्रिया
होर्मुज संकट से हड़कंप: Strait of Hormuz बंद होने से ऊर्जा आपूर्ति पर बड़ा खतरा
नक्सलवाद पर संसद में गरजे Amit Shah, कहा– ‘गोली का जवाब गोली से
मेधावी छात्रों को मिला बड़ा सम्मान, 135 विद्यार्थियों को मिला गौरव