खौफनाक वारदात के बाद डर ने दिलाया सरेंडर, हत्या कर शव छुपाने वाला खुद पहुंचा पुलिस के पास
अम्बिकापुर | सरगुजा जिला के अंबिकापुर शहर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपने दोस्त की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिर उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर में ही दफना दिया। यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके की है। हत्या के करीब एक सप्ताह बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे मृतक का "भूत" दिखाई दे रहा था। इसी डर के कारण उसने आत्मसमर्पण किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 24-25 मार्च की दरमियानी रात की है। मृतक बृजलाल अगरिया (35) शराब के नशे में अपने दोस्त मिथलेश कुजूर (37) के घर पहुंचा था। उसने मिथलेश को साथ बैठकर शराब पीने के लिए कहा। नवरात्र होने के कारण मिथलेश ने मना कर दिया, जिस पर दोनों में विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर झूमाझटकी हुई, जिसमें मिथलेश का मोबाइल फोन टूट गया। मोबाइल टूटने से गुस्साए मिथलेश ने पास रखे डंडे से बृजलाल के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
शव को छिपाने का प्रयास
हत्या के बाद आरोपी मिथलेश ने अपनी पत्नी राजकुमारी (36) के साथ मिलकर शव छिपाने की योजना बनाई। उन्होंने घर में पहले से खोदे गए एक गड्ढे में शव को डाल दिया। इसके बाद गड्ढे को प्लाईबोर्ड से ढककर ऊपर मिट्टी डाल दी। पति-पत्नी कुछ दिनों तक घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां छिपे रहे। इस दौरान मिथलेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। उसे बार-बार दोस्त का "भूत" दिखाई देता था, जो अंतिम संस्कार कराने की बात कहता था। इसी डर और बेचैनी के कारण उसने थाने जाकर घटना की जानकारी दी।
पुलिस जांच और गिरफ्तारी
मंगलवार रात मिथलेश गांधीनगर थाने पहुंचा और हत्या की बात कबूल की। उसकी सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बुधवार सुबह नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम, न्यायिक मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक विशेषज्ञ आरोपी के घर पहुंचे। आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से बृजलाल का शव बरामद हुआ। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को शव परीक्षण के लिए भेजा और आरोपी मिथलेश कुजूर व उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार कर लिया।

अखंड प्रचण्ड पुरुषार्थी आशीष ऊषा अग्रवाल
हाईटेक सुविधाओं से लैस सेंटर तैयार, खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोफेशनल माहौल
बदलेंगे गर्भपात के नियम? एम्स की याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को दिए सख्त संकेत
“अटूट विश्वास ने बदली जिंदगी” – सुधा चंद्रन का भावुक बयान
फैंस बोले- “जल्दी ठीक हों”, सोशल मीडिया पर दुआओं की बाढ़
Katrina Kaif बनीं सहारा, सिखाया कॉन्फिडेंस का मंत्र
Rishi Kapoor की पुण्यतिथि पर सोशल मीडिया पर उमड़ा प्यार
ICSE, ISC Result 2026 Out: बेटियों का शानदार प्रदर्शन, 10वीं में 99.18% और 12वीं में 99.13% छात्र पास
264 रन की पारी से दुनिया दंग, आज भी कायम है जलवा
सलमान की बात सुनकर चौंक गए रितेश, फिर हुआ दिलचस्प मोड़