अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल विदिशा नेशनल हाइवे 146 के आमखेड़ा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार रात को एक बड़ा हादसा टल गया। सड़क पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में एक लोडिंग मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क पर मवेशियों के बैठने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर घूमने वाले मवेशियों की उचित व्यवस्था करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

कुछ समय पहले भी एनएच 146 पग्नेश्वर सड़क पर मवेशियों के करण पलटा था यूरिया का ट्रक--ऐसा ही एक मामला 8 सितंबर को भी देखने को मिला था। जहां एक ट्रक मंडीदीप से यूरिया खाद लेकर विदिशा जा रहा था तभी एनएच 146 पग्नेश्वर के पास सड़क पर बैठे हुए मवेशियों को बचाने के चक्कर में ट्रक चालक ने टर्न लिया जिससे ट्रक की कमानी टूट गई और ट्रक अनियंत्रित होकर झोल खाकर पलट गया। हालांकि इस हादसे में ड्राइवर क्लीनर ने कूदकर अपनी जान बचा ली थी। इसलिए उन्हें कोई चोट नहीं आई है। वहीं दूसरे ट्रक में यूरिया खाद भर कर ट्रक को खाली किया गया। और क्रेन मशीन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया था।

मवेशियों के कारण आए दिन भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर हो रहे हैं हादसे--हाइवे 18 और एनएच 146 पर मवेशी बालमपुर घाटी से लेकर भदभदा, देहरी, दीवानगंज, कुल्हाड़िया, बेरखेड़ी चौराहा, सलामतपुर, त्रिमूर्ति चौराहा, ढकना चौराहा, पगनेश्वर गांव सहित आमखेड़ा पर बड़ी संख्या में बैठे रहते हैं। रात के समय दिखाई नही देने पर सड़क हादसे हो रहे हैं। जिसमें मोटरसाइकिल सवार भी घायल हो रहे हैं। जबकि कुछ समय पहले ही प्रदेश सरकार ने इस मामले में संज्ञान लिया था। और इसी मामले पर मध्य प्रदेश शासन में राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने भी कहा था कि पशुपालक अपने गाय पशुओं को खुला छोड़ देते हैं, जिससे सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। और गौ माताऔं की मौत हो जाती है। ‌इसे लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से डोंडी पिटवाकर लोगों को सूचित करें कि गौ माता की रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है। इसलिए उन्हें खुला ना छोड़े, अगर फिर भी किसी ने खुला छोड़ा और पशुओं के कारण सड़क पर दुर्घटनाएं होती हैं तो संबंधित पशुपालकों पर कार्रवाई होगी। आदेश के बाद भी मवेशी सड़कों पर ही बैठे हैं। और हादसों का शिकार हो रहे हैं।

गौवंश को हटाने तैनात किए पेट्रोलिंग वाहन मौके से रहते हैं नदारत--सवाल अभी यह उठता है कि जब गोवंश को हाईवे से हटाने के लिए पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं तो इसके बाद भी मवेशियों के झुंड सड़कों पर ही कैसे बैठे हैं। आखिर पेट्रोलिंग वाहन कहां है। एक ही रात में एक ही स्थान पर हुई दो दुर्घटनाओं ने एक बार फिर हाईवे पर मवेशियों की उपस्थिति और उसकी वजह से बढ़ रही दुर्घटनाओं की ओर ध्यान खींचा है। सरकार द्वारा पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए जाने के बावजूद मवेशी लगातार सड़कों पर मौजूद रहते हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। सवाल यह उठता है कि पेट्रोलिंग वाहन कहां हैं, और क्या वे अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं? स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28