-प्रतिबंध होने के बाद भी बड़े स्तर पर हो रहा है भूसा परिवहन

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर देहरी के पास सोमवार को एक  सड़क हादसा हो गया, जब भूसे से भरा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसमें करीब 20 से अधिक वाहन फंस गए। इससे वाहन चालकों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर क्रेन मशीन पहुंचाई गई और काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सड़क किनारे किया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि ट्रक सागर से इंदौर की ओर भूसा लेकर जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर रोजाना बड़ी संख्या में ओवरलोड ट्रक गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे प्रशासन की लापरवाही उजागर हो रही है।

हाइवे 18 से रोज़ निकल रहे भूसे से भरे 50 से अधिक ट्रक और ट्रालियां, नही हो रही कार्रवाई-- परिवहन विभाग की अनदेखी के कारण रायसेन जिले के भोपाल विदिशा हाईवे 18 पर ओवरलोड ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर ट्रॉली आदि वाहन सड़क पर सरपट दौड़ते हुए दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं। वहीं पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा इनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने से वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं। हद तो तब हो जाती है जब भूसे से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली पर ही लोग बैठे हुए नजर आते हैं जो हादसों को दावत दे रहे हैं। इस दौरान अगर कोई व्यक्ति बिजली की हाईटेंशन लाइट की चपेट में आ जाए तो एक बड़ा हादसा हो सकता है।जानकारी के अनुसार रायसेन जिले के भोपाल विदिशा हाईवे सलामतपुर थाने के बेरखेड़ी चौराहा, दीवानगंज में रोजाना सैकडों ट्रक, डंपर व ट्रैक्टर ट्रॉलियां क्षमता से अधिक मात्रा में भूसा भरकर ले जाते हैं। ओवरलोड वाहनों से हाईवे पर आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। लेकिन विभाग इन ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा हैं।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28