सलामतपुर में स्टेट हाईवे 18 सड़क धंसी, मस्जिद के पास हाईवे पर दरार से जलभराव, राहगीर और दुकानदार परेशान
-सड़क बन्ने के बाद कभी नही हुआ पेंचवर्क या मरम्मत का कार्य, ज़िम्मेदार एमपीआरडीसी बेखबर
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सांची जनपद के सलामतपुर कस्बे से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ के सलामतपुर क्षेत्र में मस्जिद के पास स्थित स्टेट हाईवे-18 (SH-18) अचानक एक तरफ से धंस गया है। सड़क के बीचों-बीच आई गहरी दरार और धंसाव के कारण हाईवे पर एक बड़ा गड्ढा बन गया है, जो अब स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत का सबब बन चुका है। मौसम की पहली बारिश ने ही इस मुख्य मार्ग के निर्माण की पोल खोलकर रख दी है। सड़क धंसने के कारण बने गड्ढे में लगातार पानी भर रहा है, जिससे वहाँ जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
व्यापार ठप, राहगीर परेशान, ग्राउंड जीरो के हालात--जलभराव और बदहाली का सबसे बुरा असर स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों पर पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के बाद उनकी दुकानों के मुहाने तक पहुँच रहा है। इसके चलते कई व्यापारियों का सामान खराब होने की कगार पर है और उनका धंधा पूरी तरह मंदा पड़ गया है। वहीं जलभराव और कीचड़ के कारण ग्राहकों को दुकानों तक आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे बाजार की रौनक गायब हो गई है। स्टेट हाईवे होने के कारण यहाँ से चौबीसों घंटे तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं। पानी भरे होने की वजह से वाहन चालकों को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और चोटिल होने का खतरा हर वक्त बना रहता है।
करोड़ों की लागत और 'गुणवत्ता' पर गंभीर सवाल--हैरानी और आक्रोश की बात यह है कि इस सड़क का निर्माण कार्य काफी समय पहले ही कराया गया था। उसके बाद इसका कभी भी मेंटेनेंस नही हुआ। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस वर्ष पहली ही बारिश में सड़क का इस तरह धंस जाना और उसमें दरारें आना सीधे तौर पर निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की ओर इशारा करता है। जनता के टैक्स के पैसों से बनी चमचमाती सड़क चंद महीनों में ही 'खतरनाक जोन' में तब्दील हो गई है। कुछ वर्ष पहले बनी सड़क अगर बारिश भी नहीं झेल पा रही है, तो साफ है कि इसके निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई है। अगर समय रहते इसे ठीक नहीं किया गया, तो यहाँ कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जिम्मेदार बेखबर: एमपीआरडीसी के खिलाफ फूटा गुस्सा---ग्रामीणों और क्षेत्र के व्यापारियों ने सड़क निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदार एजेंसी एमपीआरडीसी (मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि हाईवे के धंसने और जलभराव की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना हुआ है और अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं है।
ग्रामीण की मांगे की तत्काल हो मरम्मत--स्थानीय दुकानदार बोले कि धंसी हुई सड़क और दरार को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। और जल निकासी की व्यवस्था हो। मस्जिद के पास स्तिथ दुकानों के सामने पानी जमा न हो, इसके लिए पक्की नाली या जल निकासी का पुख्ता इंतजाम किये जाएं। वहीं घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार और संबंधित इंजीनियरों पर सख्त कार्रवाई की जाए।सलामतपुर की जनता ने प्रशासन और एमपीआरडीसी को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस गड्ढे को भरकर सड़क को चलने लायक नहीं बनाया गया और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन किसी बड़ी जनहानि या हादसे का इंतजार करता है या समय रहते जागता है।
इनका कहना है।
सड़क बनने के बाद इसका कभी भी मेंटेनेंस नही किया गया। सड़क बारिश भी नहीं झेल पा रही है, एक तरफ से सड़क बैठ गई है। पानी दुकान तक में घुस जाता है।जिससे ग्राहक परेशान होते हैं। अगर समय रहते इसे ठीक नहीं किया गया, तो यहाँ कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है।
अंशुल साहू, स्थानीय दुकानदार।

हाथों में चप्पल, कंधे पर बस्ता... कीचड़ में चलता बचपन! क्या ऐसे पढ़ेगा इंडिया?
गीदगढ़ गांव में बिजली आंधी-तूफान का कहर: 150 साल पुराना पेड़ घर पर गिरा, बुजुर्ग घायल, मकान क्षतिग्रस्त
सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत सहकारी विपणन केंद्र पर साईबर पाठशाला का आयोजन, बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण
अंबाडी में पुलिया का निकास बंद होने से 15 घरों में घुसा बारिश का पानी, ग्रामीणों ने सरपंच से लगाई गुहार
राशिफल 05 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
जश्न में फायरिंग पड़ी भारी, बिहार में BJP विधायक को कोर्ट ने सुनाई सजा
गुजरात में पीएम मोदी बोले- सेमीकंडक्टर सेक्टर में दुनिया का भरोसा जीत रहा भारत
चंदौसी: शिक्षिका की मौत के बाद वकील पर FIR, सुसाइड नोट बना अहम सबूत
जनता को जल्द इंसाफ दिलाने की दिशा में बिहार सरकार का अहम निर्णय
जमीन विवाद में गर्भवती महिला पर हमले से दो अजन्मे बच्चों की मौत, इलाके में आक्रोश