अदनान खान सलामतपुर रायसेन। एडिटर इन चीफ IND28.COM

सलामतपुर थाना पुलिस ने ऐसे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जो 6 महीने से ज़मीन फर्जीवाड़े के मामले में फरार चल रहा था। सलामतपुर पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र प्रजापति पिता नंदलाल प्रजापति निवासी अयोध्या नगर बाईपास थाना पिपलानी भोपाल को घेराबंदी कर अयोध्या बाईपास भोपाल से गिरफ्तार किया है। शुक्रवार के दिन आरोपी को अपर सत्र न्यायाधीश रायसेन के न्यायालय में पेश किया गया है। थाना प्रभारी देवेन्द्र पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक रायसेन विकाश कुमार शहवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा के दिशा निर्देशन व मार्गदर्शन में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिले में कार्य योजना बनाकर अवैध शराब विक्रेताओं, अवैध शस्त्र रखने वाले, काफी अर्से से फरार बदमाशों, स्थाई वारंटियों की धरपकड़ हेतु कार्य योजना एवं मुहिम चलाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया है। इसी कड़ी में सलामतपुर पुलिस ने थाना प्रभारी देवेन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। जिसमें प्रधान आरक्षक जितेंद्र वर्मा, संजय लोवंशी एवं आरक्षक राजू चौहान शामिल थे। थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि दिसम्बर 2022 से अपराध क्रमांक 311/16 धारा 420, 467, 468, 471 आईपीसी के मामले में फरार स्थाई वारंटी धर्मेन्द्र प्रजापति भोपाल के अयोध्या बाईपास क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने भोपाल पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

फर्जीवाड़ा कर बेची थी ज़मीन---- आरोपी धर्मेन्द्र प्रजापति ने सलामतपुर रेलवे ब्रिज के पास स्तिथ खेती की भूमि को फर्जीवाड़ा कर एक ही भूमि कई लोगों को बेच दी थी। और बाद में जब स्थानीय लोगों को रजिस्ट्री के समय इसकी असलियत पता चली तो सभी ने धर्मेन्द्र के खिलाफ थाने में 420 का मुकदमा 2016 में कायम कराया था। जिसमें आरोपी धर्मेन्द्र को रायसेन न्यायालय से तीन साल की सज़ा भी हुई थी। लेकिन आरोपी ने हाईकोर्ट से जमानत करा ली थी। उसके बाद से ही आरोपी न्यायालय में पेशी पर नही गया। इसी के चलते 6 महीने पहले दिसंबर 22 में उसका स्थाई वारंट निकला। आखिरकार पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर रायसेन न्यायालय में पेश कर दिया।

इनका कहना है।

6 महीने से फरार स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। 420 के मामले में 2022 से फरार था। जिसको बड़ी मुश्किल से घेराबंदी कर भोपाल से गिरफ्तार किया है। वारंटी को रायसेन न्यायालय में शुक्रवार के दिन पेश किया गया है।

देवेन्द्र पाल सिंह, थाना प्रभारी सलामतपुर।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28.COM