अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित 10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत रायसेन जिले के सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांची एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांची में नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक एवं शपथ समारोह आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में लगभग 3000 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एवं उत्कर्ष जिला नशा मुक्ति केंद्र रायसेन के डायरेक्टर वेद प्रकाश शर्मा, परियोजना समन्वयक केसर जहां, फील्ड वर्कर गोपाल शाक्य, काउंसलर रेखा शाक्य, नशा मुक्ति विशेषज्ञ डॉ. सी.एस. दांगी, एडवोकेट राजमल जैन तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से रायसेन सेवा केंद्र प्रभारी शकुंतला दीदी, रीको बहन, बीके लोचन भाई, नीलू बहन, बीके हेमा, रामदास भाई सहित अन्य भाई-बहन उपस्थित रहे।

सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के प्राचार्य जोसेफ इरिकेट ने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित कर उन्हें नशे से दूर रहने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों ने स्वयं नशामुक्त रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य  अनिल दीक्षित ने बताया कि विद्यालय के लगभग 1500 विद्यार्थियों एवं 50 से अधिक स्टाफ ने कार्यक्रम में सहभागिता की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा, शराब, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट तथा मोबाइल की लत के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

 

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांची में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। नशामुक्ति नाटक एवं प्रेरक संदेशों के माध्यम से छात्राओं को स्वस्थ एवं व्यसनमुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

इसी क्रम में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांची में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य अनिल पुरोहित ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित 10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य जन-जन तक यह संदेश पहुंचाना है कि नशे की लत एवं अन्य बुरी आदतों से पूर्ण रूप से मुक्ति कैसे प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में उत्कर्ष जिला नशा मुक्ति केंद्र की परियोजना समन्वयक सुश्री केसर जहां ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से यह अभियान विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है। नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवसर पर वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, शराब, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के साथ-साथ मोबाइल की लत भी युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आत्मिक शक्ति, सकारात्मक सोच एवं आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर व्यक्ति स्वयं नशे से मुक्त होकर समाज को नई दिशा दे सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांची के प्राचार्य अनिल पुरोहित ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं उत्कर्ष जिला नशा मुक्ति केंद्र की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28