-​सलामतपुर पुलिस ने बस जब्त कर चालक पर मामला दर्ज किया

-​स्टेट हाईवे 18 पर लगातार बढ़ रहे हादसे, स्थानीय निवासियों ने की 4-लेन की मांग

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना क्षेत्र के बेरखेड़ी चौराहे पर शराब दुकान के सामने पर एक तेज रफ्तार यात्री बस ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक उछलकर कई फीट दूर जा गिरा, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें और फ्रैक्चर आया है। सलामतपुर पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को सुमुख ठाकुर (23 वर्ष), निवासी उचेर सांची, अपनी मोटरसाइकिल से भोपाल से घर लौट रहा था। तभी विदिशा की ओर से आ रही शक्ति ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस एमपी40 पी 0176 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को सीधी टक्कर मार दी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ धारा 281 और 125(A) के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार को दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है।

RTO चेकिंग पर सवाल:ओवरस्पीडिंग और नियमों की उड़ रहीं धज्जियां--भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 और नेशनल हाईवे 146 पर रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े कमर्शियल वाहन और बसें नियम-विरुद्ध दौड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरटीओ विभाग द्वारा इन वाहनों के फिटनेस और परमिट की जांच शायद ही कभी की जाती है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रायसेन आरटीओ टीम सलामतपुर, दीवानगंज, त्रिमूर्ति चौराहा और सांची में नियमित चेकिंग का दावा करती है, लेकिन सड़क पर जानलेवा रफ्तार से दौड़ती इन लंबी दूरी की बसों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। यह यात्रियों की जान से सीधा खिलवाड़ है।

प्रशासन को चेतावनी: जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन--हादसे की मुख्य वजह सड़क की चौड़ाई कम होना और ओवरस्पीडिंग है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से इस मार्ग को जल्द से जल्द 4-लेन बनाने और अनियंत्रित कमर्शियल वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की है।नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन रफ्तार के सौदागरों पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28