हाईवे 18 पर कर्क रेखा के पास 2 कारों की भिड़ंत, बाल बाल बचे दोनों कारों में सवार लोग
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे कर्क रेखा के आगे नहर की पुलिया के पास दो कारों में जोरदार भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार, आई20 कार से गर्भवती महिला को विदिशा अस्पताल भर्ती कराने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की तेज रफ्तार कार जो विदिशा से भोपाल की ओर जा रही थी ने अचानक सामने से आकर आई20 कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सवार लोग सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलते ही सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस अमले के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को साइड में लगवाया। पुलिस ने दोनों ही कार चालकों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस ने वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
स्थानीय रहवासियों ने लगाई शासन प्रशासन से हाइवे 18 को 4 लेन करने की गुहार---भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नही ले रहे हैं। इन रोज़ होने वाले हादसों की वजह से ही अब इस सड़क को खूनी सड़क भी कहा जाने लगा है। वहीं सलामतपुर, दीवानगंज व बालमपुर, बेरखेड़ी चौराहा क्षेत्र के लोगों ने इस स्टेट हाइवे को 4 लेन करने की मांग शासन प्रशासन से की है। गौरतलब है कि भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर एक वर्ष में लगभग सौ सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें पच्चीस से ऊपर लोगों की मौत भी हो चुकी है। सलामतपुर व सूखी सेवनिया पुलिस भी रोज़ हो रही इन दुर्घटनाओं की वजह से काफी परेशान है। क्योंकि थाने में पुलिस बल काफी कम है। और सड़क हादसों में पुलिस बल भेजने के बाद थाने में पुलिस बल कम पड़ जाता है। जिससे थाने आए फरियादियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से स्टेट हाइवे 18 को फ़ोर लेन करने की मांग की है।
प्रतिदिन हाइवे से निकलते हैं छोटे बड़े 10 हज़ार वाहन-----भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर यातायात का अत्यधिक दबाब रहता है। यहां से प्रतिदिन लगभग दस हज़ार वाहन निकलते हैं जिनमें लगभग दो सौ यात्री बसें भी शामिल हैं जो विदिशा, रीवा, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर ,बीना, ललितपुर , झाँसी कानपुर, लखनउ और इंदौर जाने वाली चार्टेड बसें तो अंधी रफ़्तार से चलती ही हैं। इसके साथ ही भोपाल से विदिशा चलने वाली बसें, डंपर, ईंट, ढोने वाली 407 , डीजल टेंकर अंधी रफ़्तार से चलते हैं। जिससे इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाए होती रहती हैं। और यातायात विभाग इन वाहनों से सिर्फ चौध वसूली कर अपनी डियूटी पूरी कर लेता है। शासन प्रशासन को शीघ्र इस और ध्यान देकर समस्या का समाधान करना चाहिए।
इनका कहना है।
मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को थाने भिजवाकर काउंटर मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
