हाइवे 18 पर आगे चल रहे ट्राले ने अचानक लगाए ब्रेक, पीछे चल रहे वाहन ट्राले में घुसे, पति पत्नी घायल
-स्थानीय ग्रामीणों ने हादसों को रोकने के लिए हाइवे 18 को 4 लेन करने की मांग
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे पर सलामतपुर थाना क्षेत्र स्थित नहर की पुलिया के पास सोमवार मंगलवार की दरमियानी देर रात एक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, आगे चल रहै ट्रॉले के अचानक ब्रेक लगाने से उसके पीछे चल रहे भूसे से भरे आईसर ट्रक ने भी ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर आईसर ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार दंपत्ति कुणाल दीप सिंह और उनकी पत्नी गुरविंदर कौर घायल हो गए। दोनों के चेहरे पर चोटें आई हैं। बताया जाता है कि दंपत्ति अपने निजी कार्य से दामों से भोपाल जा रहे थे। ट्रक चालक और कार चालक के बीच आपसी समझौता होने के चलते किसी ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस कार्रवाई के बिना ही मामला शांत हो गया।
बिना रैलिंग की पुलिया बनी हादसों की वजह----रायसेन जिले के सलामतपुर में भोपाल विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर स्थित नहर की पुलिया हादसों के लिए बड़ा खतरा बन गई है। इस पुलिया पर आज तक कोई रेलिंग नहीं लगाई गई है, जिससे गुजरने वाले वाहन और लोग हर दिन जोखिम में रहते हैं। प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग से होकर गुजरते हैं और कभी भी बड़ा हादसा घट सकता है। पूर्व में इस पुलिया पर कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अब तक इस ओर ध्यान नहीं दे पाए हैं। स्थानीय लोग बार-बार चेतावनी दे चुके हैं कि अगर जल्द सुधार नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा होना तय है। विशेषज्ञों का कहना है कि पुलिया पर सुरक्षा रेलिंग और चेतावनी संकेत स्थापित करना अनिवार्य है, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके। स्थानीय प्रशासन से आग्रह किया जा रहा है कि इसे प्राथमिकता के आधार पर सुधारें।
8 महीने पहले ही कार एक्सीडेंट में इसी पुलिया में गिरकर मां बेटी की हुई थी मौत---27 फरवरी को भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 के संघमित्रा होटल के पास नहर वाले मोड़ पर एक कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई थी। जिससे कार में सवार एक ही परिवार के आठ लोगों में से मां बेटी की मौत हो गई थी और कार चला रहा पुत्र गंभीर घायल हो गया था। और अन्य लोगों को भी चोटें आईं थीं। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची सलामतपुर पुलिस ने घायलों को कांच तोड़कर बाहर निकाला और तत्काल सांची सामुदायिक रेफर किया। घायलों को सांची से विदिशा और फिर भोपाल रेफर किया गया। वहीं इस दुर्घटना में मां फूलबती बाल्मीकि पत्नी कल्याण बाल्मीकि निवासी बाबड़िया कला भोपाल उम्र 40 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई और इनकी बेटी जमना बाल्मीकि की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी।
पुलिया तोड़कर नहर में गिर चुका है ट्रक जिससे रायसेन गई हलाली पाइप लाइन भी फूटी थी---
सलामतपुर और त्रिमूर्ति चौराहा के बीच में निकली सिंचाई विभाग की हलाली नहर पुलिया की दीवार तोड़ ट्रक गिर गया था। जिसमें ड्राइवर क्लीनर को मामूली चोटें आई थी। ट्रक के नहर में गिरने से नहर भी बंद करना पड़ी और हलाली डेम से रायसेन गई पानी की लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिससे एक हफ्ते तक रायसेन की जल प्रदाय सेवा भी प्रभावित रही थी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर से सीमेंट भरकर भोपाल जा रहा ट्रक क्रमांक एमएच18 बीजी 9797 रात लगभग 1 बजे भोपाल विदिशा हाइवे पर स्तिथ नहर की पुलिया में गिर गया। गौरतलब है कि हलाली डैम की डी 3 नहर जो हाईवे क्रास करके निकली है उसकी पुलिया की पैराफिट वाल पिछले कई वर्षों से टूटी पड़ी थी। विभाग का ध्यान कई बार आकर्षित करने के बाद पुलिया की रिपेयरिंग की गई। लेकिन रिपेयरिंग के नाम पर बमुश्किल एक एक फिट की रेलिंग दीवार दोनों और उठाई गई। जिसकी वजह से यहां पर आए दिन हादसे हो रहे हैं।
इनका कहना है।
हाइवे स्तिथ नहर की पुलिया के पास ट्रॉले के अचानक ब्रेक लगाने से उसके पीछे चल रहे भूसे से भरे आईशर ट्रक ने भी ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर आईशर ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार पति पत्नी घायल हो गए। दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
