अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर दीवानगंज के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ़्तार फॉर्च्यूनर कार ने पहले एक कार को टक्कर मारी और फिर दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार दो बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक महिला और एक पुरुष की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर में सवार सभी लोग नशे की हालत में थे। हादसे के बाद वाहन सवार लोग कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही दीवानगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पुलिस वाहन से सांची अस्पताल भेजा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दीवानगंज क्षेत्र में अक्सर एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचती, जिसके कारण कई बार गंभीर घायल इलाज के अभाव में दम तोड़ देते हैं।

तेज़ हुई हाइवे 18 को 4 लेन करने की मांग---भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नही ले रहे हैं। इन रोज़ होने वाले हादसों की वजह से ही अब इस सड़क को खूनी सड़क भी कहा जाने लगा है। वहीं सलामतपुर, दीवानगंज व बालमपुर, बेरखेड़ी चौराहा क्षेत्र के लोगों ने इस स्टेट हाइवे को 4 लेन करने की मांग शासन प्रशासन से की है। गौरतलब है कि भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर एक वर्ष में लगभग सौ सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें पच्चीस से ऊपर लोगों की मौत भी हो चुकी है। सलामतपुर व सूखी सेवनिया पुलिस भी रोज़ हो रही इन दुर्घटनाओं की वजह से काफी परेशान है। क्योंकि थाने में पुलिस बल काफी कम है। और सड़क हादसों में पुलिस बल भेजने के बाद थाने में पुलिस बल कम पड़ जाता है। जिससे थाने आए फरियादियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से स्टेट हाइवे 18 को फ़ोर लेन करने की मांग की है।

प्रतिदिन हाइवे से निकलते हैं छोटे बड़े 10 हज़ार वाहन-----भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर यातायात का अत्यधिक दबाब रहता है। यहां से प्रतिदिन लगभग दस हज़ार वाहन निकलते हैं जिनमें लगभग दो सौ यात्री बसें भी शामिल हैं जो विदिशा, रीवा, टीकमगढ़,छतरपुर, सागर ,बीना, ललितपुर , झाँसी  कानपुर, लखनउ और इंदौर जाने वाली चार्टेड बसें तो अंधी रफ़्तार से चलती ही हैं। इसके साथ ही भोपाल से विदिशा चलने वाली बसें, डंपर, ईंट, ढोने वाली 407 , डीजल टेंकर अंधी रफ़्तार से चलते हैं। जिससे इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाए होती रहती हैं। और यातायात विभाग इन वाहनों से सिर्फ चौध वसूली कर अपनी डियूटी पूरी कर लेता है। शासन प्रशासन को शीघ्र इस और ध्यान देकर समस्या का समाधान करना चाहिए।

इनका कहना है।

भोपाल विदिशा हाइवे 18 दीवानगंज में एक तेज़ रफ़्तार फार्च्यूनर कार ने 2 मोटरसाईकिलों और 1 कार में टक्कर मार दी। जिससे 6 लोगों को चोटें आई है। मामले को जांच में लिया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28