-हाइवे 18 के गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हो रहे हैं हादसे, ज़िम्मेदार बेखबर
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे पर पुरानी चौकी के पास सड़क के गड्ढे इन दिनों वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। आए दिन कोई न कोई दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में गिरकर घायल हो रहा है। बुधवार को ऐसा ही एक हादसा सामने आया जब इंदौर से ललितपुर जा रहे पति-पत्नी और डेढ़ साल की बच्ची दुर्घटना का शिकार हो गए। बताया गया कि मोटरसाइकिल का पहिया सड़क के गड्ढे में फंस जाने से महिला निधि (24 वर्ष) पति यशपाल मोटरसाइकिल से नीचे गिर पड़ीं और साथ में डेढ़ साल की बच्ची भी सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला के सिर, चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। गनीमत रही कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित रही। सूचना मिलते ही सलामतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को पुलिस वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर पलक पटेरिया ने उनका उपचार किया। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि भोपाल-विदिशा हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। टोल वसूली के बावजूद सड़क की मरम्मत समय पर नहीं की जाती। मरम्मत के नाम पर गड्ढों में मिट्टी डाल दी जाती है, जो कुछ ही दिनों में फिर से उखड़ जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से लोगों की जान बचाई जा सके।
भोपाल विदिशा हाईवे पर सड़क के गड्ढे बने हादसों का सबब--भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर इन दिनों जगह-जगह गड्ढों ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। टोल टैक्स वसूले जाने के बावजूद सड़क की मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। गड्ढों को मिट्टी से भरने के बाद कुछ ही दिनों में वे दोबारा वैसे के वैसे हो जाते हैं। कुछ दिन पूर्व भी इन्हीं गड्ढों के कारण एक बड़ा हादसा हो गया था। जिसमें विदिशा निवासी युवक सैफुल्लाह अपनी बाइक से भोपाल से विदिशा की ओर जा रहे थे। तभी सड़क पर हुए गहरे गड्ढे में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में युवक के सिर पर चोट आई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु विदिशा रेफर किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे की बदहाल स्थिति आए दिन हादसों को दावत दे रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्टेट हाइवे 18 को 4 लेन करने से तेज़ रफ़्तार पर लग सकता है अंकुश--भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे सड़क काफी छोटी है। इस इस मार्ग पर यातायात का अत्यधिक दवाब रहता है। जिसकी वजह से आए दिन बड़ी दुर्घटनाएं यहां पर घटित हो रही हैं। अभी कुछ दिन पूर्व ही विदिशा के 3 पत्रकार सड़क हादसे में अपनी जान गवां चुके हैं। अभी एक सप्ताह पहले ही हलाली डेम रोड पर एक कार चालक ने दो वाहनों को टक्कर मार दी थी। जिसमें दीवानगंज गांव के एक युवक की मौत भी हो गई थी। अब सलामतपुर के ग्रामीणों ने हाइवे को फ़ोर लेन करने की मांग की है। 
प्रतिदिन हाइवे से निकलती हैं तेज़ रफ़्तार लगभग 100 बसें--भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर यातायात का अत्यधिक दबाब रहता है। यहां से प्रतिदिन लगभग सौ बसें निकलती हैं जो विदिशा, रीवा, टीकमगढ़,छतरपुर, सागर ,बीना ललितपुर , झाँसी  से इंदौर जाने वाली चार्टेड बसें तो अंधी रफ़्तार से चलती ही हैं। इसके साथ ही भोपाल से विदिशा चलने वाली बसें, डम्फर ईंट, ढोने बाली 407 , डीजल टेंकर अंधी रफ़्तार से चलते हैं। जिससे इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाए होती रहती हैं। और यातायात विभाग इन वाहनों से सिर्फ चौध वसूली कर अपनी डियूटी पूरी कर लेता है। शासन प्रशासन को शीघ्र इस और ध्यान देकर समस्या का समाधान करना चाहिए।
इनका कहना है।
हाइवे के गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बुधवार को ऐसे ही एक मामले में बाइक सवार दंपत्ति घायल हों गई। जिसे अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28