अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

रायसेन जिले में भोपाल-विदिशा नेशनल हाईवे 146 रोड के ग्राम ढकना के पास मंगलवार सुबह 4 बजे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार, आष्टा से कोलकाता जा रहा लहसुन से भरा ट्रक अचानक सड़क पर आई एक बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक सड़क किनारे जाकर पलट गया और उसमें भरी लहसुन की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में ड्राइवर और क्लीनर को केवल मामूली चोटें आईं, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

रोज़ हो रहे हादसों की वजह से हाइवे को कहने लगे हैं खूनी सड़क---भोपाल विदिशा नेशनल हाइवे 146 और स्टेट हाइवे 18 पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नही ले रहे हैं। इन रोज़ होने वाले हादसों की वजह से ही अब इस सड़क को खूनी सड़क भी कहा जाने लगा है। वहीं सलामतपुर, सांची, दीवानगंज व बालमपुर, बेरखेड़ी चौराहा क्षेत्र के लोगों ने इस भी इस सड़क को 4 लाइन करने की मांग शासन प्रशासन से की है। गौरतलब है कि एनएच 146 और स्टेट हाइवे 18 पर एक वर्ष में लगभग सौ सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें पच्चीस से ऊपर लोगों की मौत भी हो चुकी है। सलामतपुर, सांची व सूखी सेवनिया पुलिस भी रोज़ हो रही इन दुर्घटनाओं की वजह से काफी परेशान है। क्योंकि थाने में पुलिस बल काफी कम है। और सड़क हादसों में पुलिस बल भेजने के बाद थाने में पुलिस बल कम पड़ जाता है। जिससे थाने आए फरियादियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से स्टेट हाइवे 18 को फ़ोर लाइन करने की मांग की है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28