-सलामतपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर जोड़ के पास की घटना

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

शाहपुर जोड़ के पास भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे क्रमांक 18 पर बुधवार रात एक हादसा हो गया। यूरिया खाद से भरा एक लोडिंग ऑटो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे बबूल के पेड़ से टकराया, इसके बाद सड़क से नीचे उतरकर खेत में पानी से भरी खंती में जा पलटा। हादसे के कारण ऑटो में लदी यूरिया खाद की बोरियां पानी में भीग जाने से खराब हो गईं, वहीं लोडिंग ऑटो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में ऑटो चालक को चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और सड़क पर संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकाला, उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

शीघ्र हो 4 लेन, तब आएगी हादसों में कमी--भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नही ले रहे हैं। इन रोज़ होने वाले हादसों की वजह से ही अब इस सड़क को खूनी सड़क भी कहा जाने लगा है। वहीं सलामतपुर, दीवानगंज व बालमपुर, बेरखेड़ी चौराहा क्षेत्र के लोगों ने इस स्टेट हाइवे को 4 लेन करने की मांग शासन प्रशासन से की है। गौरतलब है कि भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर एक वर्ष में लगभग सौ सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें पच्चीस से ऊपर लोगों की मौत भी हो चुकी है। सलामतपुर व सूखी सेवनिया पुलिस भी रोज़ हो रही इन दुर्घटनाओं की वजह से काफी परेशान है। क्योंकि थाने में पुलिस बल काफी कम है। और सड़क हादसों में पुलिस बल भेजने के बाद थाने में पुलिस बल कम पड़ जाता है। जिससे थाने आए फरियादियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से स्टेट हाइवे 18 को फ़ोर लेन करने की मांग की है।

इनका कहना है।

हाइवे 18 को 4 लेन करने से हादसों में कमी आ सकती है। सड़क छोटी होने की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय रहवासी शासन प्रशासन से हाइवे 18 को शीघ्र 4 लेंन करने की मांग कर रहे हैं।

कालूरण मीणा, सरपंच ग्रा.पं. खोहा।

हाइवे 18 को 4 लेन करने से हादसों में कमी आ सकती है। सड़क की साइडों को भी रिपेयर करना चाहिए। इससे भी दोनों तरह 5-5 फिट जगह मिल सकती है। स्थानीय रहवासी काफी समय से शासन प्रशासन से हाइवे 18 को शीघ्र 4 लेंन करने की मांग कर रहे हैं।

मूलचंद यादव, पूर्व सरपंच सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28