-स्टेट हाइवे पर मवेशियों के कारण आए दिन हो रहे हैं हादसे, ज़िम्मेदार नही दे रहे ध्यान

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना क्षेत्र के अंतर्गत भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर मंगलवार दोपहर 1:00 बजे के आसपास एक मोटरसाइकिल सड़क पर अचानक आई गाय से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार हमीर सिंह लोधी और उनके दो भांजे घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार रायसेन के पग्नेश्वर निवासी हमीर सिंह लोधी गुनगा कलारा में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। वे अपने दोनों भांजों को ग्राम करेला छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के समीप पहुंचे, अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। बाइक चालक संभल पाता, उससे पहले ही मोटरसाइकिल गाय से टकरा गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीनों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सांची अस्पताल रेफर किया गया है। गौरतलब है कि  8 सितंबर को भी देखने को मिला था। जहां एक ट्रक मंडीदीप से यूरिया खाद लेकर विदिशा जा रहा था तभी एनएच 146 पग्नेश्वर के पास सड़क पर बैठे हुए मवेशियों को बचाने के चक्कर में ट्रक चालक ने टर्न लिया जिससे ट्रक की कमानी टूट गई और ट्रक अनियंत्रित होकर झोल खाकर पलट गया। हालांकि इस हादसे में ड्राइवर क्लीनर ने कूदकर अपनी जान बचा ली थी। इसलिए उन्हें कोई चोट नहीं आई है। वहीं दूसरे ट्रक में यूरिया खाद भर कर ट्रक को खाली किया गया। और क्रेन मशीन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया था। वहीं सलामतपुर थाने में पदस्थ आरक्षक रविन्द्र भी कुछ समय पूर्व ओला स्कूटर से न्यायालय कार्य से सलामतपुर थाने आ रहे थे। तभी पगनेश्वर गांव के पास गाय सामने आने के कारण स्कूटर अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे उनके हाथ पैरों में गहरी चोटें आ गईं थीं

मवेशियों के कारण आए दिन भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर हो रहे हैं हादसे--स्टेट हाइवे 18 और एनएच 146 पर मवेशी बालमपुर घाटी से लेकर भदभदा, देहरी, दीवानगंज, कुल्हाड़िया, बेरखेड़ी चौराहा, सलामतपुर, त्रिमूर्ति चौराहा, ढकना चौराहा, पगनेश्वर गांव सहित आमखेड़ा पर बड़ी संख्या में बैठे रहते हैं। रात के समय दिखाई नही देने पर सड़क हादसे हो रहे हैं। जिसमें मोटरसाइकिल सवार भी घायल हो रहे हैं। जबकि कुछ समय पहले ही प्रदेश सरकार ने इस मामले में संज्ञान लिया था। और इसी मामले पर मध्य प्रदेश शासन में राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने भी कहा था कि पशुपालक अपने गाय पशुओं को खुला छोड़ देते हैं, जिससे सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। और गौ माताऔं की मौत हो जाती है। ‌इसे लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से डोंडी पिटवाकर लोगों को सूचित करें कि गौ माता की रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है। इसलिए उन्हें खुला ना छोड़े, अगर फिर भी किसी ने खुला छोड़ा और पशुओं के कारण सड़क पर दुर्घटनाएं होती हैं तो संबंधित पशुपालकों पर कार्रवाई होगी। आदेश के बाद भी मवेशी सड़कों पर ही बैठे हैं। और हादसों का शिकार हो रहे हैं।

गौवंश को हटाने तैनात किए पेट्रोलिंग वाहन मौके से रहते हैं नदारत--सवाल अभी यह उठता है कि जब गोवंश को हाईवे से हटाने के लिए पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं तो इसके बाद भी मवेशियों के झुंड सड़कों पर ही कैसे बैठे हैं। आखिर पेट्रोलिंग वाहन कहां है। एक ही रात में एक ही स्थान पर हुई दो दुर्घटनाओं ने एक बार फिर हाईवे पर मवेशियों की उपस्थिति और उसकी वजह से बढ़ रही दुर्घटनाओं की ओर ध्यान खींचा है। सरकार द्वारा पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए जाने के बावजूद मवेशी लगातार सड़कों पर मौजूद रहते हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। सवाल यह उठता है कि पेट्रोलिंग वाहन कहां हैं, और क्या वे अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं? स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

इनका कहना है।

भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 और नेशनल हाइवे 146 सड़क पर बैठे मवेशियों की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। मवेशियों को हाइवे से हटाने के लिए शासन प्रशासन द्वारा कोई भी उपाय नही किए जा रहे हैं। और इसी कारण दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है।

मयंक साहू, व्यापारी सलामतपुर।

में अपनी ओला स्कूटर से न्यायालय कार्य से सलामतपुर थाने जा रहा था। सुबह लगभग 9:30 बजे पगनेश्वर गांव के पास गाय के कारण  स्कूटर अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे मेरे हाथ पैरों में गहरी चोटें आ गईं।

रविंद्र रघुवंशी, आरक्षक थाना सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28