-सलामतपुर त्रिमूर्ति चौराहे के पास चौकसे मैरिज गार्डन के सामने भीषण हादसा, कार छोड़कर फरार हुआ चालक; पुलिस ने दर्ज किया मामला

-मौत बनकर दौड़ी XUV, सड़क पर मचा चीख-पुकार का मंजर

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची-रायसेन रोड पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित XUV-300 ने ऐसा कहर बरपाया कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई। सलामतपुर त्रिमूर्ति चौराहे के आगे चौकसे मैरिज गार्डन के सामने हुई इस भीषण दुर्घटना में पहले कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़ी ईको कार में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार सलामतपुर निवासी 45 वर्षीय अब्दुल्ला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मदद करने के बजाय वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना ने एक बार फिर हाईवे पर बेलगाम रफ्तार के खतरनाक सच को उजागर कर दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम ग्यारसाबाद निवासी 19 वर्षीय नितिन मीणा अपने पिता राजाराम मीणा, माता संगीता बाई, चाचा माधव सिंह मीणा, भाई जतिन मीणा और पांच वर्षीय श्रेयांश के साथ भोपाल से इलाज कराकर लौट रहे थे। सलामतपुर के पास मौसी के घर के सामने उन्होंने ईको कार सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान सफेद रंग की XUV-300 (क्रमांक MP 04 ZJ 0966) तेज रफ्तार से आई और पहले सीटी-100 मोटरसाइकिल सवार अब्दुल्ला को टक्कर मार दी।बाइक को टक्कर मारने के बाद भी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे खड़ी ईको कार में घुस गया। हादसे में माधव सिंह मीणा, राजाराम मीणा, संगीता बाई और जतिन मीणा घायल हो गए। नितिन और मासूम श्रेयांश बाल-बाल बच गए।

मौत से जंग हार गया बाइक सवार--हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सलामतपुर निवासी अब्दुल्ला पिता पीरखां (45) को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।

वाहन छोड़कर भागा चालक, तलाश में जुटी पुलिस--प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आरोपी चालक मौके पर रुका तक नहीं। वह अपनी XUV कार छोड़कर फरार हो गया। सांची थाना पुलिस ने वाहन क्रमांक के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 133/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला कायम किया है। थाना पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28