-नेशनल हाइवे 146 और हाइवे 18 पर तेज़ रफ़्तार वाहनों पर नही हो रही कार्रवाई

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

रायसेन जिले के सांची क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में पंकज लोधी (30 वर्ष), पिता दल लोधी, निवासी ग्राम मेढ़की की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जमुना प्रसाद लोधी (42 वर्ष), पिता हरिसिंह लोधी, निवासी ग्राम मेढ़की गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

तेज़ रफ़्तार के चलते हो रहे हैं हादसे, पुलिस नही करती कार्रवाई---भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 और नेशनल हाइवे 146 पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में बसें और अन्य छोटे बड़े वाहन नियम विरुद्ध दौड़ रही हैं। जिनका पुलिस या आरटीओ द्वारा कभी भी फिटनेस या परमिट चेक नहीं किया जाता है। इन यात्री बसों के संचालकों द्वारा यात्रियों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि सलामतपुर पुलिस और रायसेन आरटीओ प्रतिदिन सलामतपुर, दीवानगंज, त्रिमूर्ति चौराहा, सांची आदि जगहों पर चेकिंग कर रहे हैं। लेकिन उनको ये तेज़ रफ़्तार वाहन, लंबी दूरी की बसें और भोपाल विदिशा जाने वाली यात्री बसें नज़र नही आ रही हैं। जिसकी वजह से यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने कहा है कि अगर शीघ्र ही ऐसी वाहनों पर कार्रवाई नही की गई तो इस तरह की गंभीर दुर्घटनाएं होती रहेंगी। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से भी मांग की है कि इन बसों और कमर्शियल वाहनों पर नियंत्रण किया जाए। अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

प्रतिदिन हाइवे से निकलती हैं लगभग 100 बसें---भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर यातायात का अत्यधिक दबाब रहता है। यहां से प्रतिदिन लगभग सौ बसें निकलती हैं जो विदिशा,भोपाल, रीवा, टीकमगढ़,छतरपुर, सागर ,बीना ललितपुर , झाँसी से इंदौर जाने वाली चार्टेड बसें तो अंधी रफ़्तार से चलती ही हैं। इसके साथ ही भोपाल से विदिशा चलने वाली बसें, डम्फर ईंट, ढोने बाली 407, डीजल टेंकर अंधी रफ़्तार से चलते हैं। जिससे इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाए होती रहती हैं। पुलिस और यातायात विभाग इन वाहनों से सिर्फ चौध वसूली कर अपनी ड्यूटी पूरी कर लेता है। शासन प्रशासन को शीघ्र इस और ध्यान देकर समस्या का समाधान करना चाहिए।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28