-​ढकना चपना के जागीरदार ढाबा के पास हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत

-​सागर से भोपाल जा रहे परिवार की कार के उड़े परखच्चे, खेत में जा घुसी इनोवा

​-हादसे के बाद आरोपी इनोवा चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी

-​सलामतपुर थाने की डायल-112 की तत्परता से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल, प्राथमिक उपचार के बाद विदिशा रेफर

​अदनान खान सांची/सलामतपुर। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल-विदिशा नेशनल हाइवे 146 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ढकना चपना स्थित जागीरदार ढाबा के पास दो तेज रफ्तार कारों के बीच आमने-सामने से हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी, जबकि दूसरी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सागर से भोपाल जा रहा था पीड़ित परिवार--प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुंडई कार (क्रमांक एमएच 12 पीजेड 2059) में सवार होकर एक परिवार सागर से भोपाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान भोपाल की तरफ से विदिशा की ओर बेहद तेज गति से आ रही मध्यप्रदेश शासन लिखी हुई इनोवा कार (क्रमांक एमपी 09 एओ 1628) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए हुंडई कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में हुंडई सवार तीन पुरुष और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके से फरार हुआ इनोवा चालक--टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा कार सड़क से उतरकर सीधे खेतों में जा घुसी। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद इनोवा का चालक कानूनी कार्रवाई के डर से वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी पर 'मध्यप्रदेश शासन' लिखा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वाहन किसी शासकीय विभाग या अधिकारी से जुड़ा हो सकता है।

सलामतपुर थाने की डायल-112 ने संभाला मोर्चा, घायलों को पहुंचाया अस्पताल--घटना की सूचना मिलते ही सलामतपुर थाने की इमरजेंसी सेवा डायल-112 तुरंत हरकत में आई। ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल (क्रमांक 812) कुलदीप दांगी और पायलट मुकेश विश्वकर्मा ने बिना समय गंवाए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और तत्काल सांची सिविल अस्पताल पहुंचाया।सांची सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, चोटों की गंभीरता को देखते हुए सभी पांचों घायलों को बेहतर इलाज के लिए विदिशा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल सलामतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार इनोवा चालक की तलाश के साथ घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28