​अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बियर की बोतलों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक के पलटते ही उसमें रखी सैकड़ों बियर की पेटियां सड़क और खंती में चारों तरफ बिखर गईं। इस हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक और क्लीनर वाहन को मौके पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी राहगीर या स्थानीय नागरिक को कोई चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।

मक्सी से छतरपुर जा रहा था बियर का ट्रक--प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या में भारी मात्रा में किंगफिशर बियर की पेटियां लोड थीं। यह ट्रक मक्सी से रवाना होकर छतरपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक दीवानगंज क्षेत्र में स्थित एक स्कूल के पास पहुंचा, चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते तेज रफ्तार ट्रक सड़क से नीचे लगभग पांच फीट गहरी खंती में जा पलटा। दुर्घटना के बाद तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर एकत्र हो गए।

घटनास्थल पर लगी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा--हादसे के बाद सड़क किनारे दूर-दूर तक बियर की बोतलें और पेटियां बिखरी नजर आईं। बियर से भरे ट्रक के पलटने की खबर इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई, जिससे देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, सूचना मिलते ही दीवानगंज पुलिस चौकी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और बिखरे हुए सामान की सुरक्षा सुनिश्चित की।

फरार आरोपी ड्रायवर और क्लीनर की तलाश जारी--पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। फिलहाल दीवानगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को खंती से बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मौके से फरार हुए ट्रक चालक और क्लीनर की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है।

इनका कहना है।

भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 के दीवानगंज में बीयर की पेटियों से भरा हुआ ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नही हुई। मामले को जांच में लिया है।

सुनील शर्मा, चौकी प्रभारी दीवानगंज।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28