अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सलामतपुर थाना क्षेत्र की दीवानगंज पुलिस चौकी इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना सुबह करीब 9 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद दीवानगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रवि पिता वासुदेव सिंह, निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। युवक के पास से मिले रेल टिकट के आधार पर पता चला है कि वह ग्वालियर से वारंगल की यात्रा कर रहा था। मौके पर मिले बैग में रखे दस्तावेजों और मोबाइल फोन के जरिए युवक की शिनाख्त की गई। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि युवक चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रायसेन जिला अस्पताल के मर्चुरी रूम में रखवा दिया है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।इस पूरे मामले की जांच सलामतपुर थाने की दीवानगंज पुलिस द्वारा की जा रही है।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28