-पहले भी हलाली डेम रोड पर हो चुके हैं हादसे, तेज़ रफ़्तार बन रही है दुर्घटना का कारण

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हलाली डैम रोड पर कटे महुआ के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बच्ची सहित पांच लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर दो महिलाएं, एक बच्ची और एक युवक सवार थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे। दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पहली मोटरसाइकिल पर सवार महिला, बच्ची और युवक घायल हुए, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर बैठे दोनों युवक भी चोटिल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। महिला, बच्ची और युवक को विदिशा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार घायल युवक अपने निजी वाहन से अस्पताल गए। घायल महिला, बच्ची और युवक अगरिया नया पुरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

हलाली डेम रोड पर 6 सितंबर को मवेशी से टकरा कर हुई थी 1 युवक की मौत--6 सितंबर को चार दोस्त घर से पार्टी मनाने बेरखेड़ी चौराहा आए थे। ये चार दोस्त एक ही मोटरसाइकिल एमपी40 ज़ेडसी 3496 पर सवार थे। वापस घर जाते समय हलाली डेम के रास्ते में सड़क पर बैठे  मवेशी से मोटरसाइकिल टकरा गई थी। जिसकी वजह से मोटरसाइकिल चला रहे करण राउत आदिवासी पिता जालम सिंह आदिवासी उम्र 22 वर्ष निवासी पिपरिया अजित करारिया जिला विदिशा को 108 एम्बुलेंस से सांची अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल पर बैठे तीन अन्य युवक मोहित, आकाश और विकास घायल हो गए। जिनका उपचार सांची के सिविल अस्पताल में हुआ था। वहीं मुक्तापुर गांव के सामने सिंगरौली से लोहे का कबाड़ लेकर इंदौर जा रहा 18 पहियों वाला ट्राला भोपाल विदिशा स्टेट हाईवे 18 स्थित मुक्तापुर में देर रात 3 बजे भोपाल की ओर से आ रही एक कार और सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने के चक्कर में रोड से नीचे उतरकर 10 फीट गहरी पानी से भरी हुई खंती में जाकर पलट गया था।

इनका कहना है।

हलाली डेम के कटे महुआ पेड़ के पास दो बाइकों की टक्कर होने की जानकारी मिली है। जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है। सभी घायलों को 112 की सहायता से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।


न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28