-7 साल पहले कलेक्टर के आदेश के बावजूद नहीं हटाया गया था भवन, अखबार में खबर छपते ही हरकत में आया प्रशासन

​-नायब तहसीलदार और चौकी प्रभारी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, स्थानीय लोगों ने जताया IND28 न्यूज़ का आभार

​अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

IND28 न्यूज़ पोर्टल की जन सरोकार से जुड़ी पत्रकारिता का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। दीवानगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप बने लगभग 50 वर्ष पुराने और अत्यधिक जर्जर हो चुके उप स्वास्थ्य केंद्र भवन को प्रशासन ने बुधवार को जमींदोज कर दिया। लंबे समय से जर्जर अवस्था में खड़ा यह ढांचा अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और स्थानीय निवासियों के लिए हर पल एक बड़े खतरे का सबब बना हुआ था। IND28 न्यूज़ वेबसाइट द्वारा इस मुद्दे को गंभीरता से उठाए जाने के तुरंत बाद हरकत में आए प्रशासन ने यह निवारक कार्रवाई की है।

7 साल पहले जारी हुए थे आदेश, फिर भी अटका था मामला--प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अत्यंत जर्जर हो चुके भवन को गिराने के लिए लगभग 7 वर्ष पूर्व ही तत्कालीन कलेक्टर द्वारा स्पष्ट आदेश जारी कर दिए गए थे। इसके बावजूद प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता के कारण भवन को नहीं हटाया जा सका। बीतते समय के साथ भवन की स्थिति और अधिक चिंताजनक होती चली गई। दीवारों में जगह-जगह गहरी दरारें पड़ चुकी थीं और छत का हिस्सा कभी भी गिर सकता था। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रोजाना आने वाले सैकड़ों मरीजों की जान लगातार जोखिम में बनी हुई थी।

IND28 न्यूज़ पोर्टल ने 31 अगस्त को उठाया था मुद्दा---अस्पताल परिसर में मंडराते इस खतरे और प्रशासनिक ढिलाई को दैनिक नवभारत ने प्रमुखता से रेखांकित किया। IND28 न्यूज़ वेबसाइट ने बीते 31 अगस्त के अंक में 'कलेक्टर का आदेश भी बेअसर, दीवानगंज अस्पताल परिसर में खड़ा 50 साल पुराना जर्जर भवन दे रहा बड़े हादसे को न्यौता शीर्षक के साथ विस्तृत खबर प्रकाशित की। खबर के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया। समाचार प्रकाशित होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और उच्च अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों की मौजूदगी में ढहाया गया जर्जर ढांचा---बुधवार को प्रशासन की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और पोकलेन व जेसीबी की मदद से जर्जर भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सांची की नायब तहसीलदार तथा दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न हुई। कार्रवाई के दौरान दीवानगंज सरपंच गिरजेश नायक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन की इस समय रहते की गई कार्रवाई को किसी संभावित बड़े हादसे को रोकने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है।

स्थानीय निवासियों और मरीजों ने ली राहत की सांस---अस्पताल परिसर से इस खतरनाक जर्जर भवन के हट जाने के बाद इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने गहरी राहत की सांस ली है। स्थानीय रहवासियों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जर्जर ढांचा सालों से किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा था। क्षेत्रवासियों ने इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर समस्या का त्वरित समाधान कराने के लिए IND28 न्यूज़ वेबसाइट का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28