-हाइवे-18 पर बैठे मवेशियों को हटाने की मांग, त्योहारों को आपसी भाईचारे से मनाने की अपील

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने को लेकर मंगलवार को सलामतपुर थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा सहित स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में आगामी ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन, भुजारिये और श्री जन्माष्टमी सहित सभी त्योहारों को मिल-जुलकर और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की सामाजिक एकता और भाईचारा कायम रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी आयोजन के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग देने की बात कही गई।

हाइवे से आवारा मवेशी हटाना का उठा मुद्दा--बैठक में भोपाल-विदिशा स्टेट हाइवे-18 पर बैठे आवारा मवेशियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नागरिकों ने बताया कि हाइवे पर आवारा मवेशियों के बैठे रहने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस समस्या को लेकर आवश्यक कार्रवाई और मवेशियों को हाइवे से हटाने की जरूरत बताई गई। रायसेन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लोगों से अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ किसी भी घटना की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गांव में स्वच्छता व्यवस्था बनाने को लेकर सहयोग की अपील--

वहीं रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नागरिकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित गांव के लिए प्रशासन के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। त्योहारों के दौरान विशेष रूप से साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया गया।बैठक में सांची नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह, सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह सोमवंशी, दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, सलामतपुर सरपंच प्रतिनिधि शेर सिंह राजपूत, अम्बाडी सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार, नरखेड़ा सरपंच रामदयाल लोधी, बागोद सरपंच प्रतिनिधि मंगल सिंह जाटव, बल्लभदास अग्रवाल, रीतेश अग्रवाल, संजीव यादव, मकसूद मंसूरी, देवेंद्र शर्मा, किशन मीणा, प्रीतम मालवीय, श्रवण मालवीय, राकेश बिल्लोरे, ज़हीर मंसूरी, प्रदीप यादव, वरिष्ठ पत्रकार नसीम अली अम्बाडी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।अधिकारियों ने सभी से आगामी त्योहारों को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28