बच्चों की जान से खिलवाड़, जर्जर भवन में लग रही कक्षाएं
-बरजोरपुर गांव में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर,
2009 में बना स्कूल भवन सफेद हाथी साबित, बच्चे आज भी जर्जर इमारत में पढ़ने को मजबूर
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
जहाँ एक ओर सरकार "स्कूल चलो अभियान" के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर बच्चों को स्कूल तक पहुँचाने का दम भर रही है, वहीं जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ऐसा ही एक मामला रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरार के ग्राम बरजोरपुर में सामने आया है जहां शिक्षा विभाग की भारी उदासीनता उजागर हुई है। वर्ष 2009 में लाखों रुपये की लागत से तैयार किया गया शासकीय प्राथमिक शाला का नया भवन आज तक उपयोग में नहीं लाया गया। इतना ही नहीं, यह भवन अब देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर बच्चों को आज भी पुराने जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दौरान छत से पानी टपकता है, कई जगहों पर प्लास्टर गिर चुका है और सरिया तक बाहर नजर आने लगा है। ऐसी स्थिति में बच्चे पूरी तरह खतरे के माहौल में बैठकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब नया भवन पूरी तरह तैयार है तो अब तक स्कूल को वहां शिफ्ट क्यों नहीं किया गया? खाली पड़ा भवन अब असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है। स्थिति यह है कि स्कूल भवन के अंदर शराब की बोतलें और गंदगी साफ देखी जा सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद भी नया भवन उपयोग में नहीं लाना गंभीर लापरवाही है। उनका कहना है कि शिक्षा विभाग या तो इस भवन को शीघ्र चालू कराए, या फिर जर्जर भवन में पढ़ रहे बच्चों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए।
इनका कहना है।
बरजोरपुर गांव में जर्जर स्कूल भवन के अंदर कक्षाएं लगाई जा रही हैं। जबकि लाखों रुपये खर्च कर के नया स्कूल भवन बनाया गया था। लेकिन उसका उपयोग नही किया जा रहा है। खाली भवन अब शराबियों का अड्डा बन चुका है। जगह जगह शराब की बोतलें वहां पर पड़ी हुई हैं। शासन प्रशासन को इस और ध्यान देकर समस्या का समाधान करना चाहिए।
शैतान सिंह मीणा, ग्रामीण।
में 5 वी कक्षा की छात्रा हूं। स्कूल में बैठने के दौरान जान का खतरा लगता है। क्योंकि छत के सरिये भी बाहर आ गए हैं। बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है। जब छत से पानी गिरने लगता है। डर लगा रहता है कि कहीं छत हमारे ऊपर ही ना गिर जाए।
नैंसी, स्कूल की छात्रा।
अगर आपको सरकारी राशि का अधिकारी किस तरह दुरूपयोग करते हैं उसका जीता जागता उदाहरण देखना है तो रायसेन जिले के सांची विकासखंड के ग्राम पंचायत सरार के बरजोरपुर गांव में जाना पड़ेगा। जहां सरकारी राशि से लाखों रुपये खर्च कर के शाला भवन बनाया तो गया लेकिन अब वह शराबियों का अड्डा बना हुआ है। और बच्चे जर्जर भवन में पड़ने को मजबूर हैं। इस मामले में जिम्मदारों पर कार्रवाई होना चाहिए।
नसीम अली, वरिष्ठ पत्रकार
