कचनारिया गांव से लापता हुई युवती का शव 20 घंटे बाद सतधारा नदी में मिला, क्षेत्र में फैली सनसनी
-परिजनों ने मामले को बताया संदिग्ध, सांची में हुआ शव पोस्टमार्टम
-सलामतपुर पुलिस ने मर्ग का मामला कायम कर लिया जांच में
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
कचनारिया गांव में बुधवार की देर रात घर से लापता हुई युवती का शव बीस घंटे बाद सतधारा नदी की झाड़ियों में फंसा हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं मुस्कान की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। और उन्होंने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए सही ढंग से जांच की मांग की है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बुधवार की देर रात डायल 112 पर एक इवेंट आया था कि सतधारा नदी में किसी युवती का शव झाड़ियों में फंसा हुआ है। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहंच गए और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त मुस्कान अहिरवार पिता हरिसिंह अहिरवार उम्र 19 वर्ष निवासी कचनारिया के रूप में हुई। पुलिस ने डेडबॉडी को पोस्टमार्टम के लिए सांची सिविल अस्पताल के मर्चुरी रूम में रखवा दिया। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं सलामतपुर पुलिस ने मर्ग का मामला कायम कर जांच में लिया है। गौरतलब है कि मंगलवार बुधवार की देर रात मुस्कान अहिरवार कचनारिया गांव में अपने घर से बिना बताए कहीं लापता हो गई थी। कहीं पता नही चलने पर परिजनों ने बुधवार सुबह 11 बजे थाने में जानकारी देकर गुम इंसान का मामला कायम कराया था। पुलिस ने मुस्कान को ढूढने के लिए आसपास थानों में जानकारी भेजकर तलाश शुरू की थी। लेकिन गुरुवार रात को मुस्कान का शव सतधारा नदी में मिल गया।
सतधारा नदी में मछली पकड़ रहे युवकों ने शव देखकर पुलिस को दी थी सूचना--सतधारा नदी में मछली पकड़ने गए नफीस पिता इनायत खान निवासी सलामतपुर, शेख उबेद पिता शेख छुटटू निवासी सलामतपुर, राजू पिता कंछेदी और अरविंद पिता थान सिंह ने नदी की झाड़ियों में मुस्कान का शव झाड़ियों में फंसा हुआ देखकर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने इन्हीं युवकों की मदद से डेडबॉडी को नदी से बाहर निकलवाया। और परिजनों को सूचना दी। मुस्कान की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए सही से जांच करने की मांग की है।
4 बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी बहन थी मुस्कान--कचनारिया गांव में रहने वाले हरिसिंह अहिरवार के पांच बच्चे हैं। जिनमें 4 लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। मुस्कान सभी भाई बहनों में बड़ी थी। और परिवार में सबकी लाडली भी थी। मुस्कान की मौत के बाद परिवार में सभी भाई बहनों और माता पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। अब यह जांच का विषय है कि मुस्कान की मौत कैसे हुई।
इनका कहना है।
कचनारिया गांव से लापता हुई मुस्कान का शव सतधारा नदी की झाड़ियों में फंसा हुआ मिला है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप कर मामले की जांच की जा रही है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
