हथियारों से लैस बदमाशों ने परिवार को बंधक बना पीटा, 1.60 लाख की लूट
-सोने चांदी सहित नगदी की लूट
-हथियारों से लैस 4 बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
-लूट के समय परिवार के 8 सदस्य घर में मौजूद
-डंडे से मारपीट में महिलाओं को भी बनाया निशाना
-मौके पर 4 थानों की पुलिस रही मौजूद, डॉग स्कॉड सहित फिंगरप्रिंट टीम भी पहुंची
-सलामतपुर पुलिस ने 4 अज्ञात आरोपियों पर किया लूट का मामला दर्ज
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सलामतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ा में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच एक दिल दहला देने वाली लूट की वारदात सामने आई। खेत पर बने मकान में रह रहे एक परिवार को हथियारों से लैस 4 से 5 अज्ञात बदमाशों ने बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। लूट के दौरान महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बांसखेड़ा निवासी अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि देर रात बाहर से आहट सुनकर उनके पिता नर्मदा प्रसाद विश्वकर्मा ने उन्हें देखने भेजा। बाहर दो बदमाश खड़े मिले, जिन्होंने हमला करने का प्रयास किया। अभिषेक किसी तरह घर में घुसकर दरवाजा बंद कर पाए, लेकिन बदमाशों ने पत्थर मारकर गेट तोड़ दिया और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई मां और चाचा-चाची को भी डंडों से पीटा गया। चाची का मंगलसूत्र व अन्य सामान छीन लिया गया, जबकि पिता को कमरे में बाहर से बंद कर दिया गया। बदमाशों ने हथियारों की नोक पर 1 लाख 60 हज़ार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। जिसमें घर में रखी पलंग पेटी तोड़कर करीब 45 हजार रुपये नकद और लगभग 1.25 लाख रुपये का सोना-चांदी लूट लिया। पड़ोसी के टॉर्च लेकर पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सलामतपुर थाना पुलिस सहित उमरावगंज, सांची और सैंडोरा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरवाजे की कुंडी पत्थर से तोड़कर अंदर घुसे लुटरे--4 से 5 बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए नर्वदा प्रसाद विश्वकर्मा के घर में घुसने के लिए दरवाजे की कुंडी को पत्थर से तोड़ा और घर के अंदर घुसे। यहां पर फरियादी अभिषेक विश्वकर्मा को डंडे से मारा और बीच बचाव करने आई उसकी मां सावित्री बाई को भी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। सभी घायलों का सांची सिविल अस्पताल में ईलाज के बाद विदिशा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
महिलाओं के उतरवाए सोने के मंगलसूत्र--लुटेरों ने लूट के दौरान सावित्री बाई, राजमनी बाई को डंडे से पीटने के बाद उनके सोने के मंगलसूत्र और सोने की लौंग उतरवा ली। इसके साथ ही चांदी की 2 जोड़ी पायल, 4 चूड़ी, बिछुड़ी, करदोनी लूट लिए।
चाचा ने मोबाइल लगाकर बुलाया पड़ोसी को, टार्च की रोशनी देखकर भागे लुटेरे--वारदात के समय फरियादी अभिषेक के चाचा लक्ष्मण विश्वकर्मा घर के बाहर छुप गए थे। उन्होंने पड़ोसी किसान के खेत पर चौकीदारी करने वाले मुईन खान को मोबाइल पर कॉल कर के वारदात की जानकारी देकर बुलाया। मुईन खान जानकारी मिलते ही मौके पर टार्च लेकर आ रहा था। लुटेरों ने टार्च की रोशनी देखी तो पैदल ही खेतों के रास्ते होते हुए मौके से भाग गए।
गांव से 2 किमी दूर खेत पर रहता है विश्वकर्मा परिवार--बांसखेड़ा गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर खेत पर बने मकान में नर्वदा प्रसाद विश्वकर्मा का परिवार रहता है। जिसके 8 सदस्य यहां पर रहते हैं। उनकी 4 एकड़ खेती की भूमि है। जिस पर खेतीबाड़ी कर परिवार का गुजर बसर होता है।
एक सप्ताह पहले ही लड़के का हुआ था टीका फलदान--29 जनवरी को नर्वदा प्रसाद के घर पर उनके लड़के राकेश विश्वकर्मा का शादी का टीका फलदान कार्यक्रम हुआ था। और विवाह की तैयारियों के लिए घर में कीमती सामान रखा गया था, जिसे बदमाशों ने निशाना बना लिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
इनका कहना है।
थाने के बांसखेड़ा गांव में खेत पर रहकर परिवार को कुछ अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया है। बदमाश नगदी और ज्वेलरी लेकर गए हैं। अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कमलेश कुमार खरपुसे, एडिशनल एसपी रायसेन।
देर रात घर में दरवाजे की कुंडी तोड़कर घुसे अज्ञात 7 से 8 हथियारों से लैस लुटेरों ने मेरे परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की और सोने चांदी की ज्वेलरी सहित नगदी लूट ली। सभी लुटेरों के चेहरे भी खुले हुए थे।
अभिषेक विश्वकर्मा, फरियादी बांसखेड़ा।


