-दीवानगंज फैक्ट्री चौराहा पर लग रही बारात में हुई चाकूबाजी।

-इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी शादी में नही आई रुकावट, लड़की की हुई विदाई

-सलामतपुर पुलिस ने 2 आरोपियों को 24 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार

अदनान खान सलामतपुर रायसेन।( एडिटर इन चीफ IND28.COM हर खबर पर पैनी नज़र)

कभी कभी ज़रा ज़रा से बात पर भी बड़ी घटना हो जाती है। ऐसा ही एक मामला सोमवार रात्रि सलामतपुर थाने के दीवानगंज में हुआ जहां पर सिर्फ डांस करने के दौरान धक्का लगने से चाकू छुरी चल गए। जिसमें एक युवक की मौत और तीन अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार सोमवार को दीवानगंज के जय गिरिराज गार्डन में सेउ नटेरन जिला विदिशा से दूल्हा यशपाल अहिरवार पिता शिवलाल अहिरवार की बारात आई थी। उसकी दुल्हन शादी गंगा अहिरवार निवासी कालिटोर पिपरई से हो रही थी। शादी समारोह की बारात में दुल्हन के रिश्ते के भाई भी डांस करने लगे  इस दौरान धक्का लगने पर दूल्हे और दुल्हन पक्ष में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दूल्हे के भाई की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर सलामतपुर थाना और दीवानगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराया। इस घटना में पुलिस ने आरोपियों पर 302,307, 34 आईपीसी की धाराओं में मामला दर्ज कर दो आरोपीयों संजू अहिरवार निवासी रातातलाई सलामतपुर और विशाल अहिरवार कालिटोर पिपरई को गिरफ्तार किया है।

विदिशा जिले के सेऊ नटेरन से आई थी यशपाल की बारात---सोमवार की रात लगभग 10:30 से 11 बजे के बीच  दीवानगंज के जय गिरिराज गार्डन में कालिटोर पिपरई के स्वर्गीय बाबूलाल अहिरवार की बेटी गंगा अहिरवार के यहां विदिशा जिले के सेऊ नटेरन से बारात पहुंची थी। इसी दौरान रात में गार्डन से कुछ ही दूरी पर बारात लगने के दौरान दुल्हन के भाई भी बारात में आकर डांस करने लगे। इसी दौरान दूल्हा यशपाल अहिरवार पक्ष के कुछ लोगों को धक्का लग गया और इसी बात को लेकर दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोगों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक दूसरे में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष के संजू अहिरवार और विशाल अहिरवार द्वारा चाकू से दूल्हे पक्ष पर हमला कर दिया। जिसमें दूल्हे पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें भोपाल इलाज के लिए भेजा गया। यहां दूल्हे के मौसी के लड़के ओमप्रकाश अहिरवार पिता हिम्मत सिंह अहिरवार उम्र 22 वर्ष ने रास्ते में दम तोड़ दिया। बीच बचाव करने आए दशरथ को भी चाकू से गर्दन, पीठ में गंभीर चोट आईं हैं। उसे भोपाल के पीपुल्स अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं घायल अजय और शिवराज को 108 की मदद से अस्पताल भेजा गया है। जहां उनका ईलाज चल रहा है। मृतक ओमप्रकाश का पोस्टमार्टम भोपाल के पीपुल्स अस्पताल में कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। 

इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी नही रुकी शादी---डीजे की धुन पर डांस कर रहे दूल्हा पक्ष के लोगों और दुल्हन पक्ष के लोगों में चाकू छुरी चलने और एक युवक की मौत और तीन युवकों के घायल होने के बाद भी दूल्हा यशपाल अहिरवार और दुल्हन गंगा अहिरवार की शादी में किसी किस्म की रुकावट नही आई और दोनों ने शादी के सात फेरे लेकर पूरी रस्में अदा की। और दुल्हन गंगा की विदाई भी शांति पूर्ण तरीके से हो गई। 

मृतक के बड़े भाई फूल सिंह अहिरवार की जुबानी  आंखों देखी पूरी घटना--- में फूल सिंह पिता हिम्मत सिंह अहिरवार उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम सेऊ थाना नटेरन जिला विदिशा उपरोक्त पते पर रहता हूँ। मेहनत मजदूरी करता हूँ। मैं व मेरा भाई ओमप्रकाश अहिरवार व गाँव के दशरथ, अजय, शिवराज आशीष व अन्य लोग हमारे रिश्ते के मौसा शिवलाल अहिरवार निवासी ग्राम सेऊ के लड़के यशपाल की बारात में गिरीराज गार्डन दीवानगंज आए थे। मैं व मेरा भाई ओमप्रकाश व अन्य सभी बाराती डीजे के सामने डांस कर रहे थे की जैसे ही हम लोग गार्डन के गेट के पास पहुंचे तो वधु पक्ष के कुछ लोग आकर हमारे साथ डांस करने लगे। डांस के समय दो लड़‌कों का मेरे भाई ओम प्रकाश से डांस में धक्का मुक्की होने हो जाने की बात पर से विवाद होने लगा। तो उनमे से एक लड़का संजू अहिरवार अपने पास रखे चाकू को निकालकर मेरे भाई ओमप्रकाश को मारा जो ओमप्रकाश की गर्दन पर दाहिने तरफ लगा। गंभीर चोट होकर खून निकलने लगा। तभी मेरे गाँव का दशरथ अहिरवार ओमप्रकाश को बचाने लगा तो उसके साथ जो दूसरा लड़का विशाल अहिरवार था वह भी अपने पास चाकू रखे था। जिसने चाकू से दशरथ पर दो तीन वार किए जिससे दशरथ की गर्दन एवं पीठ में गंभीर चोटे आई और खून बहने लगा। तो दोनों लड़कों ने अपने अपने हाथों में लिए चाकुओ से बीच बचाव करने आए अजय, शिवराज, आशीष पर भी वार किए जिससे उन्हे भी चोटे लगी हैं। दोनों लड़के मारपीट कर वहाँ से भागे तो भीड़ में से आवाज आई की जो लड़के मारपीट कर भाग रहे हैं। वह संजू अहिरवार व विशाल अहिरवार है। घटना दूल्हा यशपाल की बहन प्रियंका ने भी व मौजूद अन्य लोगों ने भी देखी है। फिर मैंने अपने भाई ओमप्रकाश व गाँव के दशरथ अहिरवार को गंभीर चोटे होने के कारण प्रायवेट कार से इलाज हेतु सचिन व ललित के साथ पीपुल्स अस्पताल भोपाल भेज दिया एवं अन्य घायल अजय व शिवराज को 108 एम्बुलेंस से इलाज हेतु भेज दिया। पीछे से मैं अपनी मोटर साइकिल से पीपुल्स अस्पताल भोपाल पहुंचा। पीपुल्स अस्पताल में डाक्टर ने मेरे भाई ओमप्रकाश को चेक किया तो उसे मृत घोषित कर दिया। फिर मैंने दशरथ की गंभीर हालत होने से भर्ती कराया एवं भाई के शव को मरचूरी रूम मे रखवाकर दोस्त ललित को पीपुल्स अस्पताल में छोड़कर वापस दीवानगंज पुलिस चौकी रिपोर्ट की।

घोड़ी लेकर आया था चाकू मारने वाला संजू अहिरवार--- रातातलाई निवासी संजू अहिरवार दूल्हे यशपाल अहिरवार के लिए अपना घोड़ा छह हजार रुपए में लेकर गया था और शादी में शामिल हुए था। और दुल्हन गंगा उसकी रिश्ते में बहन भी लगती है। संजू सलामतपुर उपमंडी में हम्माली का काम भी करता है। संजू ने ही डांस करने के दौरान हुई धक्का मुक्की में ओमप्रकाश के शरीर और चाकू से कई जगह वार करके घायल कर दिया था। जिसकी भोपाल जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं आरोपी विशाल अहिरवार ने भी तीन बारातियों को चाकू से गंभीर घायल कर दिया। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार--सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने घटना के तत्काल बाद एक टीम बनाई जिसमें दीवानगंज चौकी प्रभारी आरएस दांगी, प्रधान आरक्षक विकास श्रीवास्तव, जितेंद्र वर्मा, संजय लोवंशी, दिलीप यादव और आरक्षक रामकरण शर्मा, जितेंद्र शर्मा, सूरज, राजू चौहान, रोहित गोस्वामी, सैनिक अतुल, संजीव को शामिल कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एक आरोपी विशाल अहिरवार को घेराबंदी का कालिटोर के जंगल से गिरफ्तार किया। और दूसरे आरोपी संजू अहिरवार जो रातातलाई स्तिथ घर में बाहर से ताला डालकर अंदर ही छुपा था। पुलिस ने आरोपी के घर की दीवार फांदकर उसे घर से ही गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

इनका कहना है।

बारात में डांस के दौरान धक्का लगने को लेकर हुआ था विवाद। दीवानगंज में अहिरवार समाज के स्वर्गीय बाबूलाल अहिरवार की बेटी की शादी थी। विदिशा जिले के सेऊ नटेरन से बारात पहुंची थी। रात में बारात लग रही थी इसी दौरान दुल्हन के भाई भी बारात में डांस करने लगे। जिससे दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों को धक्का लग गया और इसी बात को लेकर विवाह हो गया था। जिसमें दुल्हन पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। जिसमें दूल्हे के मौसी के लड़के को गंभीर चोट लगने के दौरान अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। इस घटना में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराया था। इसमें दो आरोपियों को पुलिस ने राउंडअप किया है।बाकी आगे की करवाई जा रही है।

प्रतिभा शर्मा, एसडीओपी रायसेन।


न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28.COM