बेरखेड़ी चौराहा पर दो आयशर ट्रकों में जोरदार भिड़ंत, एक घायल
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सलामतपुर थाना क्षेत्र के भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे क्रमांक 18 पर स्थित बेरखेड़ी चौराहा रविवार दोपहर दुर्घटना का केंद्र बना, जब दो आयशर ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार एक ट्रक चालक भोजन कर वापस वाहन को सड़क पर ला रहा था, तभी भोपाल की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे आयशर ट्रक ने अचानक जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पहले ट्रक का क्लीनर केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कर घायल क्लीनर को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। टक्कर में एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सलामतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे कार्रवाई की जा रही है अभी तक दोनों पक्ष में से किसी ने भी थाने में रिपोर्ट नहीं लिखवाई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात सामान्य कराया।
हाइवे 18 को कहने लगे हैं खूनी सड़क--भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नही ले रहे हैं। इन रोज़ होने वाले हादसों की वजह से ही अब इस सड़क को खूनी सड़क भी कहा जाने लगा है। वहीं सलामतपुर, दीवानगंज व बालमपुर, बेरखेड़ी चौराहा क्षेत्र के लोगों ने इस स्टेट हाइवे को 4 लाइन करने की मांग शासन प्रशासन से की है। गौरतलब है कि भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर एक वर्ष में लगभग सौ से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें पच्चीस से ऊपर लोगों की मौत भी हो चुकी है। सलामतपुर व सूखी सेवनिया पुलिस भी रोज़ हो रही इन दुर्घटनाओं की वजह से काफी परेशान है। क्योंकि थाने में पुलिस बल काफी कम है। और सड़क हादसों में पुलिस बल भेजने के बाद थाने में पुलिस बल कम पड़ जाता है। जिससे थाने आए फरियादियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से स्टेट हाइवे 18 को फ़ोर लेन करने की मांग की है।
प्रतिदिन हाइवे से निकलते हैं छोटे बड़े 10 हज़ार वाहन----भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर यातायात का अत्यधिक दबाब रहता है। यहां से प्रतिदिन लगभग दस हज़ार वाहन निकलते हैं जिनमें लगभग दो सौ यात्री बसें भी शामिल हैं जो विदिशा, रीवा, टीकमगढ़,छतरपुर, सागर ,बीना, ललितपुर , झाँसी कानपुर, लखनउ और इंदौर जाने वाली चार्टेड बसें तो अंधी रफ़्तार से चलती ही हैं। इसके साथ ही भोपाल से विदिशा चलने वाली बसें, डंपर, ईंट, ढोने वाली 407 , डीजल टेंकर अंधी रफ़्तार से चलते हैं। जिससे इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाए होती रहती हैं। और यातायात विभाग इन वाहनों से सिर्फ चौध वसूली कर अपनी डियूटी पूरी कर लेता है। शासन प्रशासन को शीघ्र इस और ध्यान देकर समस्या का समाधान करना चाहिए।
इनका कहना है।
हाइवे 18 को 4 लेन करने से हादसों में कमी आ सकती है। सड़क छोटी होने की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय रहवासी शासन प्रशासन से हाइवे 18 को शीघ्र 4 लेंन करने की मांग कर रहे हैं।
कालूरण मीणा, सरपंच ग्रा.पं. खोहा।
