कुल्हाड़िया से सरार गांव तक प्रधानमंत्री सड़क की घटिया मरम्मत पर ग्रामीणों में आक्रोश
-ज़िम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ मरम्मत कार्य की जांच की मांग
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सांची विकासखंड के कुल्हाड़िया से सरार गांव तक प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत चल रहे सड़क रिपेयरिंग कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखने को मिली। सरार सरपंच नरेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटिया निर्माण कार्य का विरोध किया।
सरपंच नरेश चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सड़क रिपेयरिंग का ठेका वर्ष 2022 में हुआ था, जिसकी मरम्मत अब कराई जा रही है, लेकिन कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है। सड़क पर मानक के विपरीत सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भविष्य में सड़क जल्दी खराब होने की आशंका है। मौके पर सरपंच ने प्रधानमंत्री सड़क योजना के एसडीओ से फोन पर शिकायत की और चेतावनी दी कि यदि गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो वे जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष पूरे ग्रामीणों के साथ शिकायत दर्ज कराएंगे। इस पर एसडीओ प्रकाश चौहान के कथित तौर पर गैर-जिम्मेदाराना रवैये से ग्रामीण और आक्रोशित हो गए। सरपंच का कहना है कि एसडीओ ने कहा, जहां जाना है वहां चले जाओ, काम जैसा चल रहा है वैसा ही चलेगा, रुकेगा नहीं। इस बयान के बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क रिपेयरिंग कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही ढंग से जनता तक पहुंच सके।
