अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची थाना क्षेत्र में हार्डवेयर व्यापारी राकेश लोधी की हत्या के सनसनीखेज मामले का रायसेन पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि बदमाशों का असली निशाना मृतक का भाई भगवानदास लोधी था, लेकिन अंधेरे में पहचान की भूल होने पर उन्होंने राकेश लोधी की तलवार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 की रात करीब 9:40 बजे राकेश लोधी अपने भाई बबलेश लोधी के साथ सलामतपुर चौराहा स्थित हार्डवेयर दुकान बंद कर बाइक से गांव मेड़की लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर तलवार से हमला किया, जिससे राकेश लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन और एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल की जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गोलू उर्फ धीरेन्द्र पाल, बाबू उर्फ प्रिंसराज और एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने खुलासा किया कि वह मृतक के भाई भगवानदास लोधी की पत्नी से एकतरफा प्रेम करता था। महिला के भगवानदास से विवाह होने के बाद उसने रंजिश पाल ली और भगवानदास की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत साथियों के साथ हमला किया गया, लेकिन पहचान में हुई गलती के कारण भगवानदास की जगह राकेश लोधी पर हमला हो गया और उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में गोलू उर्फ धीरेन्द्र पाल (25), बाबू उर्फ प्रिंसराज (25) निवासी करोंद, भोपाल तथा एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

रायसेन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा पुलिस का कहना है कि इस बहुचर्चित अंधे कत्ल का खुलासा करने में सांची, सलामतपुर और उमरावगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की विवेचना जारी है।

 

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका--इस अंधे कत्ल के सफल खुलासे में एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, थाना प्रभारी राम बिलोचना शर्मा, थाना प्रभारी सलामतपुर श्यामराज सिंह सोमवंशी, थाना प्रभारी उमरावगंज उनि विरेन्द्र विश्वकर्मा, उनि शैलेन्द्र दायमा, उनि आनंदीलाल सुर्यवंशी, उनि सुनील शर्मा, सउनि चंद्रपाल सिंह, सउनि सतीश जालवान, सउनि संजय कुमार (चालक) प्र.आर. सुरेश गोहे, प्र.आर. भगवानदास, प्र. आर. गणेशराम रघुवंशी, प्र.आर. तुलाराम, प्र.आर. रामकरण शर्मा, प्र.आर. ध्रुव सिंह, प्र. आर. सुनील लोधी, प्र.आर. प्रकाश सिंह, प्र.आर. मनोज सेन, प्र.आर दिलीप रघुवंशी, प्र.आर. नितिन जामलिया, प्र.आर. बलवान, सिंह, प्र.आर. सचिन शर्मा, प्र.आर. अमित राजपूत, प्र.आर. संजीव धाकड, आर. सौरभ रघुवंशी, आर. हिम्मत सिंह, आर. ओमप्रकाश लोधी, आर. देवेन्द्र, आर. योगेश रघुवंशी, आर. रोहित फौजदार, आर.रोहित गोस्वामी, म.आर. निधि तिवारी, म.आर. शिवानी रघुवंशी, म.आर. शिवकुमारी, म.आर. दीपिका सैय्याम, आर. चालक लोकेश वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28