सलामतपुर में बेनकाब हुआ मनचला: पति की मौत के सदमे में डूबी महिला को डेढ़ महीने से भेज रहा था अश्लील मैसेज
अश्लील मैसेज, मामला दर्ज
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
पति के असामयिक निधन के गहरे शोक से गुजर रही एक बेबस महिला को पिछले डेढ़ महीने से व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजकर प्रताड़ित करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आखिरकार शिकंजा कस दिया है। सलामतपुर थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति की आत्महत्या के बाद से ही नजर बनाए हुए था आरोपी--पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलामतपुर थाना क्षेत्र के नीनोद गांव की रहने वाली रामसकी मीणा के पति मलखान मीणा ने गत 22 जून को अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पति की अकाल मृत्यु के बाद से ही महिला गहरे सदमे और मानसिक तनाव में थी। इस दुखद घड़ी में ढाढस बंधाने के बजाय गांव का ही आरोपी दिवान सिंह पाल महिला पर बुरी नीयत रखने लगा। आरोपी ने महिला के अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके व्हाट्सएप नंबर पर लगातार अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजना शुरू कर दिया।
मायके जाने पर भी नहीं थमा प्रताड़ना का सिलसिला--आरोपी दिवान सिंह पिछले डेढ़ महीने से महिला को लगातार मैसेज भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी की इस हरकत से तंग आकर और समाज के डर से महिला अपने मायके नीमखेड़ा (जिला गुना) चली गई, ताकि वह इस प्रताड़ना से बच सके। हालांकि, बेखौफ आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ चुकी थी कि उसने महिला के मायके जाने के बाद भी अश्लील मैसेज भेजना बंद नहीं किया।
थाने पहुंचकर दर्ज कराई प्राथमिकी--आरोपी की लगातार बढ़ती प्रताड़ना और हरकतों से तंग आकर अंततः महिला ने हिम्मत जुटाई और सोमवार को सलामतपुर थाने पहुंचकर पूरी आपबीती पुलिस को बताई। महिला के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी दिवान सिंह पाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78(1)(II)(3) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इनका कहना है।
"क्षेत्र के नीनोद गांव की एक महिला ने थाने आकर शिकायत दर्ज कराई है कि गांव का ही एक युवक उसे पिछले डेढ़ महीने से व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है। पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना जारी है।"
श्यामराज सिंह राजपूत, थाना प्रभारी, सलामतपुर।






























नाबालिग लड़की के उत्पीड़न पर सुप्रीम कोर्ट गंभीर, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश
‘टकराव नहीं, सहयोग जरूरी’, अंतरराष्ट्रीय मंच से PM मोदी ने दिया दुनिया को बड़ा संदेश
सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, भोपाल में 15 करोड़ की जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त
युवती की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, किराए के घर से शव बरामद; तीन दिन बाद प्रेमी गिरफ्तार
सतना में कुत्तों को लेकर बवाल, पड़ोसी और साथियों ने सरेराह की मारपीट; मामला दर्ज
रेल यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 10 ट्रेनों के समय में बदलाव
धार: अवैध शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, 10 दिन में 187 प्रकरण दर्ज; 101 आरोपी गिरफ्तार
जुलूस नहीं निकाल पाएंगी ममता, हाईकोर्ट ने जनसभा के लिए तय कीं कई शर्तें