-फरियादी युवक आरोपी की बहन से करता था बात, इसी बात से गुस्सा होकर की थी मारपीट

-सलामतपुर पुलिस ने रायसेन न्यायालय में किया पेश, 1 आरोपी को जेल 2 को भेजा बाल संप्रेषण ग्रह

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र

5 नवंबर की रात मुड़ियाखेड़ा रोड पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपियों प्रज्वल मेहर पिता सुरेश मैहर उम्र 21 साल निवासी करौंद भोपाल एवं अन्य दो आरोपी नाबालिग को सलामतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों ही युवकों ने पूछताछ में अपना जुर्म भी कुबूल कर लिया है। और उनके पास से मारपीट में इस्तेमाल किये गए चाकू, लोहे की रॉड और लूटी हुई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पकड़े गए तीन आरोपियों में से दो युवक नाबालिग हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने विष्णु लोधी के साथ इसलिए मारपीट की है कि वह उनकी बहन से बात करता था। आरोपियों को पकड़ने में  थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी, एएसआई रमेश रैकवार, एएसआई सुनील शर्मा, प्रधान आरक्षक विकास श्रीवास्तव, गणेशराम रघुवंशी,  पुष्पेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक हेत सिंह मीणा, आरक्षक रोहित गोस्वामी, बृजेश, रंजीत राहुल, सौरभ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गौरतलब है कि 5 नवंबर की रात सलामतपुर थाना क्षेत्र के मुड़ियाखेड़ा रोड पर एक युवक विष्णु लोधी (उम्र 25) निवासी मुड़ियाखेड़ा, जो दीवानगंज में स्थित एक मिनी मार्ट पर काम करता है, रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर अपने घर लौट रहा था इसी दौरान मुड़ियाखेड़ा रोड नहर की पुलिया के पास तीन से चार अज्ञात आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में विष्णु के सिर, हाथ तथा पैर में गंभीर चोटें आईं थीं। परिजन और पुलिस द्वारा उसे सांची सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे विदिशा रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर बाद में विदिशा से भोपाल हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह इलाजरत है। घटना की सूचना मिलने पर सलामतपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 296ए, 126(2), 109(1), 3/5 और बाद में इज़ाफ़ा धारा 309(6) बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं 1 आरोपी प्रज्वल मेहर को न्यायालय द्वारा जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं। वहीं दो आरोपियों को नाबालिग होने की वजह से बाल संप्रेषण ग्रह भेजा गया है।

फरियादी विष्णु आरोपी की बहन से करता था बात, इसलिए किया जानलेवा हमला---दीवानगंज के मिनी मार्ट में काम करने वाले विष्णु लोधी जो मुड़ियाखेड़ा गांव में रहता है। कि नाबालिग आरोपी की बहन से बात होती थी। आरोपियों ने पहले भी विष्णु लोधी को उनकी बहन से बात नही करने को लेकर समझाइश दी थी। लेकिन विष्णु लोधी ने बातचीत करना बंद नही किया तो तीनों आरोपियों ने उसे सबक सिखाने की सोची। और मुड़ियाखेड़ा रोड पर छुपकर विष्णु का इंतज़ार करने लगे। उसके आते ही मोटरसाइकिल रोकी और चाकू, लोहे की रॉड से हमला कर दिया। और मौके से विष्णु की मोटरसाइकिल भी लूटकर ले गए और बालमपुर के जंगल में छुपा दी। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

इनका कहना है।

मुड़ियाखेड़ा रोड पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। पकड़े गए आरोपियों में से 2 आरोपी नाबालिग हैं। आरोपियों के पास से हमले में उपयोग किये गए चाकू और लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28