-पन्नी बीनने वाली 7 महिलाओं सहित ऑटो ड्राइवर ने चोरी की वारदात को दिया अंजाम

-स्थानीय रहवासियों की मदद से सलामतपुर पुलिस ने की कार्रवाई

-चोरी का स्क्रैप और ऑटो बरामद, सभी आरोपियों को रायसेन न्यायालय में किया पेश

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

कस्बे में बंद पड़ी सूर्या फैक्ट्री से पुराना स्क्रैप एल्युमिनियम और लोहे की टीन चोरी कर ऑटो से लेकर भाग रही महिलाओं को स्थानीय रहवासियों की मदद से सलामतपुर पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार उन्हें कस्बे के राकेश राजपूत और भानू मालवीय ने जानकारी दी कि कुछ पन्नी बीनने वाली महिलाएं एक लोडिंग ऑटो में बंद पड़ी हुई सूर्या फैक्ट्री से पुराना स्क्रैप चोरी कर के भोपाल रोड तरह भागी हैं। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने तत्काल टीम बनाई जिसमें एएसआई रमेश रैकवार, एएसआई राजेश यादव, प्रधान आरक्षक सुरेश बघेल, संजय चौहान, हेत सिंह मीणा, नितिन जामलिया, आरक्षक रंजीत धाकड़, रोहित गोस्वामी और महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी को शामिल कर आरोपियों का पीछा किया। पुलिस ने कचनारिया गांव के पास से ऑटो रोक लिया। तलाशी लेने पर लोडिंग ऑटो एमपी04 एलडी 7941 से चोरी का पुराना स्क्रैप जिसमें एल्युमिनियम और लोहे की टीम बरामद कर ली। पुलिस ने फरियादी सूर्या फैक्ट्री गार्ड विजय कुशवाहा पिता बद्रीनारायण कुशवाह की रिपोर्ट पर 8 चोरों जिसमें 7 महिलाएं रक्षा नाथ, काजल गिरी, करीना गिरी, देवकी, भारती, मोनिका गिरी, अनिता बाई गिरी, और ऑटो ड्राइवर राजदीप कोली सभी निवासी गोसाईं मोहल्ला दीवानगंज को गिरफ्तार कर धारा 331(2), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार को रायसेन न्यायालय में पेश किया है।

बंद पड़ी सूर्या फैक्ट्री से चोरी हो चुका है लाखों रुपये का स्क्रैप--लगभग 20 साल पहले बंद हुई सूर्या फैक्ट्री के शुरुवाती समय में सलामतपुर सहित आसपास क्षेत्रों में हज़ारों लोगों को रोजगार मिला था। लेकिन 20 साल पहले बंद हुई फैक्ट्री ने हजारों लोगों को बेरोजगार कर दिया। बंद हुई फैक्ट्री में करोड़ों रुपये कीमत की मशीनें बड़ी बड़ी मोटरें और कीमती मशीनरी अभी भी लगी हुई है। जिसे मिलीभगत से धीरे धीरे निकालकर स्क्रैप में बेचा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अभी तक लाखों रुपये कीमत का पुराना स्क्रैप यहां से ट्रकों में भरकर भोपाल कबाड़खाने में बेच दिया गया है। अभी भी फैक्ट्री के अंदर कीमती स्क्रैप भरा पड़ा है। यहां पर गार्ड की ड्यूटी लगने के बाद भी चोरी की घटनाएं कम ना होना चिंता और जांच का विषय है।

इनका कहना है।

सूर्या फैक्ट्री से पुराना स्क्रैप चोरी कर लोडिंग ऑटो में बेचने ले जा रही 7 महिला चोरों सहित ऑटो ड्राइवर को चोरी के माल के साथ स्थानीय रहवासियों की मदद से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। 8 चोरों पर मामला दर्ज कर मंगलवार को रायसेन न्यायालय में पेश किया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28