​-सलामतपुर के खोहा गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना क्षेत्र के खोहा गांव में बुधवार देर रात आधा एकड़ जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से कुल्हाड़ी, लाठियां और लोहे की रॉड निकल आईं और जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सलामतपुर पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सांची सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर परस्पर विरोधी (काउंटर) मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर गंभीर आरोप--पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रथम पक्ष की फरियादी अंगूरी बाई (50) पत्नी कैलाश अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी भैयालाल अहिरवार, दाखा बाई, नेमनारायण,जतिन और राजपाल अहिरवार ने उन पर और उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।

​प्रथम पक्ष के घायल: अंगूरी बाई, उनके बेटे नीतेश व अरविंद, बेटी शिवानी और बहू आरती (कुल 5 लोग)।

​दर्ज धाराएं: अंगूरी बाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(1), 333, 324(4), 118(1) और 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

​वहीं, दूसरे पक्ष के फरियादी जतिन अहिरवार की रिपोर्ट पर पुलिस ने नीतेश, अरविंद, अंगूरी बाई और शिवानी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में क्रॉस केस दर्ज किया है।

​दूसरे पक्ष के घायल: मारपीट में दूसरे पक्ष से ऋषभ और भैयालाल अहिरवार को चोटें आई हैं।

20 दिन पहले भी हुआ था विवाद--खोहा गांव में अंगूरी बाई और भैयालाल अहिरवार के बीच आधा एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है। दोनों ही पक्ष इस जमीन पर अपना-अपना मालिकाना हक जताते हैं। महज 20 दिन पहले भी इसी जमीन के टुकड़े को लेकर दोनों परिवारों में हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें पुलिस ने काउंटर केस दर्ज किया था। इसके बावजूद विवाद का स्थायी समाधान न होने से बुधवार रात फिर से खूनी संघर्ष हो गया।

इनका कहना है।

खोहा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर केस दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

श्यामराज सिंह सोमवंशी, थाना प्रभारी, सलामतपुर

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28