अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना क्षेत्र के दीवानगंज अंतर्गत ईदगाह के पीछे स्थित एक मकान में 55 वर्षीय कालूराम (पिता परमानंद) द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही दीवानगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रायसेन भेज दिया।

घरेलू कलह और मानसिक स्थिति बनी वजह--घटना के संबंध में मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक कालूराम की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बीती रात कालूराम का अपनी पत्नी के साथ किसी बात पर विवाद हुआ था, जिसके बाद उनके बीच मारपीट भी हुई। इस विवाद से व्यथित होकर पत्नी दूसरे घर चली गई थी।

सुबह दलान में लटका मिला शव--अगली सुबह करीब 10 बजे जब मृतक का बेटा घर पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए। कालूराम घर के बाहर बने दलान में छत की मियाल (शहतीर) से बिजली के तार का फंदा बनाकर लटके हुए थे। बेटे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस की कार्रवाई जारी--दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28