अदनान खान ​सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना क्षेत्र के भगवंतपुर गांव में सोमवार की देर रात ज़मीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दशकों से चले आ रहे संपत्ति विवाद के बीच दो सगे भाई आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने आव देखा न ताव और छोटे भाई के सिर पर लोहे के भारी तवे से दे मारा। सिर फटने से छोटा भाई लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी पर भी हमला किया गया, जिससे वह भी घायल हो गई।

सरकारी ज़मीन पर कब्ज़े को लेकर चल रही थी तनातनी---मिली जानकारी के अनुसार, भगवंतपुर कॉलोनी निवासी मोकम सिंह बाल्मीकि के चार बेटे हैं। इनमें से दो भाई भोपाल में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि गंगाराम बाल्मीकि (30) और उसका बड़ा भाई रोहित बाल्मीकि गांव में ही अलग-अलग मकानों में रहकर खेती-बाड़ी संभालते हैं। गांव की एक सरकारी ज़मीन को जोतने और उस पर हिस्सेदारी को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था।​सोमवार रात इसी ज़मीन पर कब्ज़े की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक जा पहुंचा। गुस्से में आकर बड़े भाई रोहित ने घर में रखा लोहे का तवा उठाकर गंगाराम के सिर पर हमला कर दिया। गंगाराम को बचाने जब उसकी पत्नी आरती बाल्मीकि आगे आई, तो आरोपी ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की।

सांची अस्पताल में हुआ उपचार, पुलिस ने दर्ज किया मामला--घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल गंगाराम को तत्काल सांची सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण डॉक्टर उसकी हालत पर निगरानी बनाए हुए हैं।​पीड़ित गंगाराम बाल्मीकि की शिकायत पर सलामतपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई रोहित बाल्मीकि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2) और 351(3) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।

इनका कहना है।

भगवंतपुर कॉलोनी में दो सगे भाइयों के बीच ज़मीन विवाद को लेकर मारपीट की सूचना मिली थी। बड़े भाई के हमले से छोटा भाई घायल हुआ है। फरियादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।

श्यामराज सिंह सोमवंशी, थाना प्रभारी, सलामतपुर।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28