अदनान खान ​सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसाखेड़ी नदी के पास से एक मजदूर की सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित मजदूर की शिकायत पर सलामतपुर थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित भगवान सिंह धानक (पिता प्रताप सिंह धानक), निवासी भरतीपुर गांव, पेशे से मजदूर हैं और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का गुजर-बसर करते हैं। वह धान के खेत में मजदूरी करने के लिए अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी40 जेडएफ 8391) से कोसाखेड़ी गांव आए हुए थे। काम पर पहुंचते ही उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल कोसाखेड़ी नदी के पास सड़क किनारे खड़ी कर दी और खुद खेत में मजदूरी करने चले गए। दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद जब वह शाम को वापस लौटे, तो जिस स्थान पर बाइक खड़ी की थी, वहां से वाहन नदारद था।

मोटरसाइकिल गायब देख उड़े पीड़ित के होश--मौके से मोटरसाइकिल गायब देखकर पीड़ित भगवान सिंह धानक के होश उड़ गए। जब मोटरसाइकिल नही मिली तो उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी देर तक आसपास के क्षेत्रों में वाहन की तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका। आखिरकार, परेशान होकर पीड़ित ने सलामतपुर थाने पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और चोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चोर का सुराग लगाने में जुट गई है।

इनका कहना है।

​कोसाखेड़ी नदी के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। अज्ञात चोर के खिलाफ मामला कायम कर विवेचना में ले लिया गया है। पुलिस की टीम आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी का सुराग लगाकर जल्द से जल्द वाहन बरामद किया जा सके।

श्यामराज सिंह सोमवंशी, थाना प्रभारी, सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28