-सलामतपुर थाने के बेरखेड़ी चौराहे के हाट बाजार का मामला

-आदतन अपराधी हैं पकड़े गए पारदी गिरोह के दोनों चोर, हत्या के प्रयास सहित चोरी मारपीट के मामले हैं दर्ज

-सलामतपुर पुलिस ने चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर रायसेन न्यायालय में किया पेश

-न्यायालय से आरोपियों का मांगा पुलिस रिमांड

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

बेरखेड़ी चौराहे पर लगने वाले हाट बाजार में त्यौहार की वजह से काफी भीड़ भाड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर दो चोरों ने सामान खरीदने आए दो ग्रामीणों की जेब से दो मोबाइल तीस हजार रुपए कीमत के चुरा लिए। लेकिन शायद चोरों की किस्मत खराब थी कि उनको चोरी करते हुए ग्रामीणों ने देख लिया और रंगे हाथों पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तत्काल सलामतपुर पुलिस को सूचना दी और दोनों चोरों को उनके हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों की पहचान पारदी गिरोह के विशेष उर्फ चक्की पारदी पिता विक्की पारदी उम्र 21 वर्ष निवासी कालापीपल अगरिया गांव थाना ईंटखेड़ी भोपाल और अबोध चौहान पारदी पिता सूरज सिंह पारदी उम्र 21 वर्ष निवासी कालापीपल अगरिया गांव थाना ईंटखेड़ी भोपाल के रूप में हुई। दोनों ही आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस ने फरियादी हरि सिंह पाल पिता पंचम सिंह पाल निवासी खोहा गांव की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों से चोरी के दोनों मोबाइल कीमत तीस हजार रुपए ज़ब्त कर धारा 303(2) बीएनएस का मामला दर्ज किया है। गुरुवार को दोनों आरोपियों को रायसेन न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा गया है।

ऐसे आए पकड़ में--बेरखेड़ी चौराहे पर बुधवार के दिन हाट बाजार भरता है। इस बुधवार को दीपावली का बाजार होने की वजह से आसपास क्षेत्र के काफी ग्रामीण बड़ी संख्या में खरीदारी करने बाजार आए थे। खोहा गांव के हरि सिंह पाल भी त्यौहार की खरीदारी करने आए थे। उन्होंने अपनी शर्ट की ऊपर की जेब में 20 हज़ार रुपए कीमत का ओप्पो कंपनी का मोबाइल रखा हुआ था। जो पारदी गिरोह के चोरों ने पार कर दिया। फिर थोड़ी देर बाद ही राकेश पाल का भी टेक्नो कंपनी का 10 हज़ार रुपए कीमती मोबाइल भी जेब से चुरा लिया गया। लेकिन इस बार ग्रामीणों की नज़र चोरों पर पड़ गई। और उन्होंने घेराबंदी कर दोनों चोरों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दोनों मोबाइल चोरों के पास से बरामद हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल सलामतपुर पुलिस को मामले की जानकारी देकर चोरों को उनके हवाले कर दिया।

हत्या के प्रयास मारपीट चोरी की वारदातों के अपराधी हैं पकड़े गए चोर--बेरखेड़ी चौराहे पर मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए दोनों चोर आदतन अपराधी हैं। इनमें विशेष उर्फ चक्की पारदी पर भोपाल के ईंटखेड़ी थाने में 2020 में चोरी मारपीट का मामला और 2024 में हत्या के प्रयास 307 आईपीसी का मामला दर्ज हुआ है। वहीं अबोध चौहान पारदी के विरुद्ध भोपाल के बिलखिरिया थाने में 2020 में नकबजनी का मामला और ईंटखेड़ी भोपाल थाने में 2024 में मारपीट का मामला दर्ज है। सलामतपुर पुलिस ने गुरुवार के दिन दोनों आरोपियों को रायसेन न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा है। क्योंकि इनसे पूछताछ में और भी मामलों का खुलासा हो सकता है।

इनका कहना है।

बेरखेड़ी चौराहे पर हाट बाजार के दिन 2 चोरों को ग्रामीणों ने 2 मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। दोनों से चोरी के मोबाइल ज़ब्त कर मामला दर्ज किया है। दोनों ही पारदी आदतन अपराधी हैं। इनके विरुद्ध कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। और भी मामलों के खुलासे के लिए न्यायालय में पेश कर आरोपियों का रिमांड मांगा गया है। 

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28