प्रधानमंत्री सड़क योजना में लापरवाही...3 साल बाद भी अधूरी पड़ी सड़क, धूल-मिट्टी से परेशान ग्रामीण
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे 18 से सेमरा होते हुए बनखेड़ी तक लगभग साढ़े 4 किलोमीटर लंबी सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के प्रयासों से करीब तीन वर्ष पहले 4.45 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत की गई थी। इस सड़क के निर्माण से लगभग एक दर्जन गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलना था, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर थी। मगर ठेकेदार द्वारा कार्य की धीमी गति और लापरवाही के चलते आज तक सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा है। कई स्थानों पर सड़क उखड़ी हुई है, तो कहीं जटिया (गिट्टी) पड़ी है जिससे धूल उड़ने की समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरी सड़क पर धूल के गुबार से गुजरना बेहद कठिन हो गया है, वहीं कई बाइक सवार फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि ठेकेदार द्वारा अभी तक जितना भी सड़क में काम किया है वह भी गुणवत्ता हीन हैं कई जगह से सड़क उखड़ गई है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क का काम पिछले एक साल से पूरी तरह ठप पड़ा है, लेकिन विभागीय अधिकारी अब तक ठेकेदार पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को न केवल आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अधूरी सड़क को पूरा कराने और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि लंबे समय से लटके इस निर्माण कार्य को पूरा कर लोगों को राहत मिल सके।
