-छरछरी चलते ही भोपाल विदिशा से बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक, जान हथेली पर रखकर सेल्फी लेते नज़र आए

-हलाली डेम पर सुरक्षा की दृष्टि से सलामतपुर पुलिस रही मौजूद

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल सहित आसपास क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से हलाली डेम का जलस्तर बढ़ गया। डेल के जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए सोमवार सुबह साढ़े नो बजे हलाली डेम के तीन गेट एक एक मीटर तक खोले गए हैं। जिनसे 268 क्युमेक पानी प्रवाहित होगा। गेट खोलने से पहले ही बेतवा किनारे की बस्तियों में अलर्ट जारी किया गया है। बारिश होने से हलाली डैम का जल स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश होने के चलते तीन गेटों को खोला गया है। गेट खोलने से पहले जल संसाधन विभाग के अधिकारी और सलामतपुर पुलिस भी सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर पहुंची। गेटों को खुलते हुए देखने के लिए आसपास क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग हलाली डैम पहुंचे। सोमवार को गेट खुलते ही छरछरी तेज़ चलने लगी। सोमवार को छरछरी चलने की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में पर्यटक भोपाल, विदिशा, रायसेन सहित आसपास क्षेत्र से पहुंचे और नज़ारे देखकर लुत्फ उठाया। बता दें की हलाली डैम पर दो साल पहले ही 5 गेट बनकर तैयार हुए हैं जो सीज़न में कई बार खोले गए हैं। वहीं पहले गेट नहीं होने से कई गांव डूब में आ जाते थे, अब हलाली डैम पर पांच गेट लगने से बेक वॉटर गेट के माध्यम से निकाला जा सकता है। 

पिकनिक मनाने आए पर्यटक जान खतरे में डालकर सेल्फी लेते नज़र आए---सोमवार को हलाली डेम पर छरछरी चलते ही सैंकड़ों की संख्या में पर्यटक पहुंच गए और चट्टानों पर खड़े होकर जान हथेली पर रखखर सेल्फी लेते नज़र आए। जबकि दो वर्ष पहले ही सेल्फी लेते समय छरछरी में गिरकर महिला की मौत हो गई थी। महिला का शव 7 घंटे की मशक्कत के बाद ढूंढा जा सका था।उस समय डेम की छरछरी का बहाव इतना तेज़ था कि महिला का शव शाम तक भी नही मिल सका था। कोलार भोपाल से पति पत्नी दोनों हलाली डेम घूमने के लिएं आए थे। हिमानी मिश्रा पत्नी डॉक्टर उत्कर्ष मिश्रा उम्र लगभग 32 वर्ष निवासी कोलार भोपाल घूमते समय हलाली डेम के पुल की बाउंड्री पर मोबाइल से सेल्फी ले रही थीं। इसी दौरान पांव फिसलने से डेम की छरछरी में तेज बहाव के साथ बह गईं। पुलिस व गोताखोरों की काफी मशक्कत के बाद 7 घंटे में महिला का शव मिल पाया था। और उसके पहले भी भी अशोका गार्डन भोपाल निवासी 24 वर्षीय युवक राहुल भास्कर की भी हलाली के वेस्टवियर छरछरी में डूबने से मौत हो गई थी। युवक का शव भी दूसरे दिन सुबह बरामद हुआ था। वहीं हलाली डेम के पास मिनी पचमढ़ी के कुंड में भोपाल अशोका गार्डन क्षेत्र के तीन युवकों ने सेल्फी लेने के चक्कर में पैर फिसल जाने के कारण डूबने से अपनी जान गवां दी थी। हलाली डेम पर प्रत्येक शनिवार व रविवार को हज़ारों लोग पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। इस दौरान अपनी जान के साथ खिलवाड़ करते हुए छरछरी के तेज बहाव में पहुंचकर नहाते हैं। डेम पर सुरक्षा के कोई इंतेज़ाम नही है। इसलिए यहां पर कोई न कोई दुर्घटना हर वर्ष होती है।

2 जिलों की क्षेत्र सीमा के चक्कर में हमेशा रहता है विवाद---हलाली डेम और मिनी पचमढ़ी पर 2 जिलों रायसेन और विदिशा थानों की क्षेत्र सीमा को लेकर हमेशा विवाद की स्तिथि बनती है। क्योंकि दोनों ही जगह के कुछ क्षेत्र रायसेन जिले के सलामतपुर थाना और विदिशा जिले के खामखेड़ा चौकी थाने के अंतर्गत आते हैं। कई बार बड़ी दुर्घटना के वक्त दोनों ही थाने अपनी ज़िम्मेदारी एक दूसरे पर डालकर बचते रहते हैं। 

हलाली डेम पर 24.59 करोड़ रुपए की लागत से 5 गेटों का हुआ है निर्माण --ओवरफ्लो वाले स्थान पर पहले 9 मीटर ऊंचाई और 5 मीटर चौड़ाई के पिलरों के बीच में पांच गेट लगा दिए गए हैं। डेम का जल स्तर बढ़ने से इन गेटों से 1750 क्यूसेक पानी छोड़ा जाता है। इससे 28 गांवों के लगभग 2100 किसानों की 2400 हेक्टेयर जमीन में बोई गई खरीफ की फसल सहित अन्य फसलों को डूबने से बचाया जा सकता है।इतना ही नहीं फसल के अलावा नीनोद और कायमपुर गांव के रास्ते डूब में आ जाने से गांव टापू बन जाया करते थे। अब इन गांवों के रास्ते भी डूब में नहीं आते हैं। इससे बारिश के दिनों में यहां से आवागमन भी चालू रहता है। बारिश के दिनों में भी इलाज सहित आवश्यक सेवाएं दोनों गांव के रहवासियों को आसानी से उपलब्ध हो रही है।

इनका कहना है।

सम्राट अशोक सागर बांध में जल की आवक होने से बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए सोमवार को सुबह 9.30 बांध के 3 गेट 1मीटर तक खोलकर 268 क्यूमेक जल प्रवाहित किया गया है।अतः आम जन से  हलाली नदी,बेस नदी , बेतवा नदी के तटीय दोनों किनारो से दूरी बनाए रखने का अनुरोध है ।   

राजकुमार पंडौले, कार्यपालन यंत्री।

सोमवार को हलाली डेम के 3 गेटों को खोला गया है। आसपास क्षेत्र के रहवासी काफी संख्या में मौके पर पहुंच गए थे। जानकारी मिलते ही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मौके पर भेजा गया है। 

सुनील शर्मा, प्रभारी थाना सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28