सिर पर खाली मटके, सड़कों पर आक्रोश: पानी संकट, अवैध शराब को लेकर महिलाओं ने केंद्रीय मंत्री को घेरा
-भगवंतपुर गांव में किसान संगोष्ठी के दौरान फूटा महिलाओं का दर्द, अवैध शराब और पानी की समस्या पर शिवराज सख्त
-शराब के मुद्दे पर शिवराज ने अवैध शराब माफियाओं को मंच से ललकारा
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत भगवानपुरा कॉलोनी में राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, करनाल द्वारा भारत सरकार की अनुसूचित जाति उप योजना के तहत आयोजित एकदिवसीय किसान संगोष्ठी, आदान-वितरण एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। कार्यक्रम मैं पहुंच रहे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ग्राम भरतीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं ने सिर पर खाली बर्तन रखकर पेयजल संकट और अवैध शराब की गंभीर समस्या से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।
महिलाओं ने बताया कि गांव में पानी की भारी किल्लत है, जिसके कारण उन्हें दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ता है। साथ ही उन्होंने गांव में अवैध रूप से बिक रही शराब से परिवारों के बर्बाद होने और युवाओं-बच्चों के नशे की गिरफ्त में जाने की पीड़ा भी रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने मंच से ही कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जल संकट के समाधान हेतु पानी की टंकी निर्माण सहित आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर श्री चौहान ने अवैध शराब बेचने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज और परिवारों को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारण घर उजड़ रहे हैं, महिलाएं परेशान हैं और बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। ऐसे अपराध करने वालों को भगवान भी माफ नहीं करेगा। केंद्रीय मंत्री ने मंच से अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार और पशुपालन मंत्री लखन पटेल, सांची विधायक डॉक्टर प्रभुराम चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
गांव में बनी हुई जल संकट की स्तिथि---प्रदेश सरकार की हर घर नल से जल देने की योजना जिले में दम तोड़ती नजर आ रही है। करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में जलसंकट की स्थिति बनी हुई है।गांव-गांव नल जल योजना के तहत पानी टंकी बनाकर पाइप लाइन के माध्यम से पानी पहुंचाने की योजना का लाभ ग्रामीणों को समुचित तरीके से नहीं मिल रहा है। सांची के शाहपुर पंचायत के गांव मादा टोला और भगवंतपुर में इस योजना के तहत पूरे गांव की सड़कों को खोदकर वहां नई पाइप लाइन बिछाई गई। साथ ही लोगों को पानी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नल कनेक्शन दिए गए। नल कनेक्शन मिलने के साथ लोगों को उम्मीद बंधी की उन्हें अब पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। और सुबह वा शाम दोनों समय उन्हें पानी की सुविधा मिलेगी। नल कनेक्शन मिलने के दो साल बाद भी ग्रामीणों के नलों में आज तक पानी की सप्लाई नहीं हुई है। वहीं गांव में सिर्फ एक हैंडपंप है उसमें भी पानी कम आ रहा है। जिनसे ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में ग्रामीण पानी के लिए दर-दर भटकते हुए नजर आ रहे हैं। वही ग्रामीणों का कहना है कि अगर समस्या जल्द ही सही नहीं की गई तो आगे उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
