सांची यूनिवर्सिटी में शान से लहराया तिरंगा 

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आर.एन गुप्ता और डीन प्रो. नवीन कुमार मेहता ने तिरंगा फहराया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. वैद्यनाथ लाभ ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. आर.एन गुप्ता ने कहा कि किसी भी देश को संविधान की ज़रूरत इसलिए होती है कि वो स्वतंत्रता से स्वच्छंदता की ओर न चला जाए। उन्होंने भारत की कुटुंबीय पारिवारिक व्यवस्था के उदाहरण के साथ बताया कि जिस प्रकार भारतीय परिवार में पिता को मां को बच्चों को बहुओं को और सभी रिश्तेदारों को अपने कर्तव्य और अधिकार पता होते हैं जबकि किसी को भी ये कर्तव्य और दायित्व सिखाए और पढ़ाए नहीं जाते हैं क्योंकि ये हमें संस्कार के रूप में मिलते हैं।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से यदि हम देश के नागरिक होने के कारण नियमों का स्वभाविक रूप से दायित्व और अधिकारों के रूप में निर्वह्न करेंगे तो फिर संविधान को पढ़ना और याद नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्थायी परिवर्तन तो हृदय परिवर्तन के माध्यम से ही हासिल किया जा सकता है, ज़बरदस्ती नहीं। प्रो. गुप्ता ने कहा कि ध्येय सही हो, नियत सही हो तो नियम न होने पर भी प्रत्येक व्यक्ति कार्य करने में सहायता करेगा। उन्होंने महात्मा गांधी के कथन को दोहराया जिसमें गांधी जी ने कहा था कि संतोष प्रयास में है। प्रमाणिकता से किए गए प्रयास से ही सफलता मिलती है। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. नवीन कुमार मेहता ने कहा कि विचार प्रवाहमान होना चाहिए। आगे बढ़ने के लिए बगैर किसी व्यक्तिगत सराहना के संस्थान और समाज को आगे बढ़ाने के प्रयास से ही देश आगे बढ़ता है। बौद्ध अध्ययन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. रमेश रोहित ने मंच संचालन के दौरान कहा कि सकारात्मक विचार से ही आगे बढ़ा जा सकता है जिसके लिए कथन से अधिक कर्म करके साबित करना होता है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. हरीश चंद्रवंशी ने कहा कि यदि हम अपना कार्य पूर्ण ज़िम्मेदारी से करेंगे तो देश का समग्र विकास होगा।गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने एक दूसरे को बधाई दी। शोधार्थी छात्रा मनीषा जायसवाल ने देश भक्ति गीत सुनाया।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28