-सलामतपुर थाना प्रभारी को रायसेन कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

शनिवार रात के समय विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल द्वारा सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी को एक ज्ञापन रायसेन कलेक्टर के नाम सौंपा गया है। जिसमें सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक एवं राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले सिरोंज निवासी असद खान पर रासुका एवं जिला बदर करने की मांग की गई है। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि असद खान द्वारा भारत माता को डायन जैसे शब्दों का उपयोग कर लिखा गया कि भारत माता की पूजा पिशाच (राक्षस) लोग करते हैं। इस प्रकार की टिप्पणी करके सम्पूर्ण हिन्दू समाज की भावनाओ को ठेस पहुंचाने का काम किया किया है। साथ ही राष्ट्रीय भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है, ऐसे देशद्रोही व्यक्ति के खिलाफ देशद्रोह एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर रासुका एवं जिला बदर की कार्रवाई तत्काल की जाने की मांग की गई है। और असद की अवैध गतिविधियों और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की भी मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो विश्व हिन्दू परिषद् बजरंग दल आन्दोलन करने के लिए बाध्य होगा। थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी को ज्ञापन देते समय देवेन्द्र शर्मा, गोपाल राठौर, अनूप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर देश में संघ के योगदान को लेकर (भारतीय मुद्रा) सिक्का जारी किया गया है। सिक्के पर एक ओर अधिक स्तंभ है तो दूसरी ओर भारत माता का चित्र अंकित है। संघ पर सिक्का जारी होने के हर्ष स्वरूप सिरोंज के स्थानीय नागरिक चक्रेश श्रीवास्तव ने फेसबुक पर पोस्ट डाली। जिस पर विगत दिवस सिरोंज के ही एक व्यक्ति असद खान जिलानी ने भारत माता के प्रति बहुत ही आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी टिप्पणी को लेकर पूरे प्रदेश में कड़ा विरोध किया जा रहा है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28