-सलामतपुर शाखा प्रबंधक सहित जिले के अन्य प्रबंधक रहे मौजूद

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के शाखा प्रबंधक और फील्ड स्टाफ ने अनाज भंडारण में लॉस-गेन के नए मापदंड तय करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे 3 दिसंबर 2025 से सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। शुक्रवार को स्टाफ प्रतिनिधियों ने भोपाल में क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान फील्ड स्टाफ एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष चैन सिंह डुडवे, संभागीय महासचिव सुनील पवार, फील्ड स्टाफ एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजेन्द्र कुमार उईके एवं रायसेन जिले के जिला प्रबंधक दिलीप अर्गल, मंडीदीप शाखा प्रबंधक एमपी शर्मा, सिलवानी, गैरतगंज शाखा प्रबंधक अवधेश गौर उदयपुर शाखा प्रबंधक सनत कुमार जैन, बरेली शाखा प्रबंधक अनिल तिवारी, शाखा प्रबंधक सुल्तानपुर अश्विन पाल मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। और कहा है कि समाधान नही हुआ तो 3 दिसम्बर से मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कारपोरेशन के सभी शाखा प्रबंधक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। और 5 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। फील्ड स्टाफ एम्प्लाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान मापदंड अव्यावहारिक हैं, जिसके कारण शाखा प्रबंधकों और फील्ड स्टाफ को अनावश्यक दबाव और जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक भंडारण लॉस-गेन के वैज्ञानिक और वास्तविक मापदंड निर्धारित नहीं किए जाते, कर्मचारियों में असंतोष बना रहेगा।

आंदोलन की रूप रेखा बनाई--संघ के फील्ड स्टाफ एसोसिएशन संभागीय अध्यक्ष चेन सिंह डुडवे ने चेतावनी दी है कि 3 दिसंबर 2025 से पूरे संभाग के सभी शाखा प्रबंधक और फील्ड स्टाफ सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यदि समय-सीमा में समस्या का समाधान नहीं होता है, तो 5 दिसंबर 2025 से कर्मचारी कार्य से पृथक होकर हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ ने स्पष्ट किया कि हड़ताल की स्थिति में गोदाम संचालन और अनाज प्रबंधन से उत्पन्न होने वाली किसी भी अव्यवस्था की जिम्मेदारी शासन और प्रबंधन की होगी। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से भंडारण संबंधी वास्तविक परिस्थितियों और नुकसान के वैज्ञानिक विश्लेषण पर आधारित नियमों की मांग कर रहे हैं, लेकिन इस समस्या का समाधान लगातार टलता आ रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में शाखा प्रबंधक, फील्ड स्टाफ और एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रबंधन से जल्द निर्णय लेने की अपील की, अन्यथा अनाज भंडारण कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28