कीचड़ में फंसा विकास: सरार में दलदल बनी PWD की सड़क, 7 गांव अलग-थलग, ग्रामीणों की भूख हड़ताल की चेतावनी
-सरार में करोड़ों की लागत से बन रही सड़क बारिश में तब्दील हुई कीचड़ में, माध्यमिक शाला से फूल सिंह टपरा और खेड़ा टोला मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप्प
-आक्रोशित सरपंच ने कलेक्टर और पीडब्ल्यूडी को सौंपा ज्ञापन; चेतावनी 3 दिन में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों संग बैठेंगे भूख हड़ताल पर'
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सांची जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई जा रही सड़क ग्रामीणों के लिए राहत की जगह सबसे बड़ी आफत बन गई है। करोड़ों रुपये की लागत से स्वीकृत इस मार्ग का निर्माण कार्य इतने घटिया स्तर पर किया जा रहा है कि पहली ही बारिश में यह पूरी सड़क गहरे दलदल और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। माध्यमिक शाला से फूल सिंह टपरा और खेड़ा टोला पहुंच मार्ग की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि पैदल चलना तो दूर, दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी पूरी तरह असंभव हो गया है। ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
इन गांवों के लोग झेल रहे दुश्वारियां---सड़क के दलदल में तब्दील होने से क्षेत्र का सड़क संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया है। इस मुख्य मार्ग से सरार, बरजोरपुर, दहिडा, सरार खेड़ा और कोलीखेड़ा समेत लगभग 7 गांवों के ग्रामीण प्रतिदिन आवाजाही करते हैं। बच्चों को स्कूल जाने, बुजुर्गों व मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस या अन्य वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे हर पल किसी हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता मानकों की जमकर अनदेखी की गई है।
3 दिन का अल्टीमेटम, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग--सड़क की दुर्दशा से आक्रोशित ग्राम पंचायत सरार के सरपंच नरेश चौधरी ने मामले की शिकायत रायसेन कलेक्टर और लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों से की है। सरपंच ने अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपकर सड़क के घटिया निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कराने और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 3 दिन के भीतर सड़क की मरम्मत कर इसे चलने योग्य नहीं बनाया गया, तो वे समस्त ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इनका कहना है।
करोड़ों रुपये की लागत से सरार गांव में माध्यमिक शाला से फूल सिंह टपरा और खेड़ा टोला पहुंच मार्ग का निर्माण रायसेन पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य बहुत ही घटिया स्तर का किया गया है, जिसके कारण पूरा रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल चुका है। इससे हमारे क्षेत्र के 7 गांवों के ग्रामीण बुरी तरह परेशान हैं। मैंने रायसेन कलेक्टर कार्यालय और पीडब्ल्यूडी कार्यालय में आवेदन देकर स्थिति से अवगत करा दिया है। यदि 3 दिन में सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया, तो मैं ग्रामीणों के साथ भूख हड़ताल पर बैठने के लिए बाध्य रहूंगा।
नरेश चौधरी, सरपंच, ग्राम पंचायत सरार।






























जुलूस नहीं निकाल पाएंगी ममता, हाईकोर्ट ने जनसभा के लिए तय कीं कई शर्तें
दलीप ट्रॉफी 2026 पर ईस्ट जोन का कब्जा, पहली पारी की बढ़त से बना चैंपियन
BJP का बड़ा संगठनात्मक फैसला, किसान राजनीति की जिम्मेदारी फिर MP के नेताओं के हाथ
कौन हैं IAS निधि निवेदिता? ट्रांसफर के बाद उनके दिए आदेश निरस्त होने से चर्चा तेज
राजनांदगांव में करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला, भाजपा नेता समेत 3 आरोपी नामजद
‘दृश्यम 2’ को लेकर तब्बू की चिंता हुई थी हद से ज्यादा, बोलीं- मैं पूरी तरह परेशान थी
गौरव भाटिया केस: कोर्ट बोला- बिना जांचे पोस्ट करना ठीक नहीं, 24 घंटे में हटाने का निर्देश
वाराणसी में अजय राय का बड़ा हमला, राजघाट हादसे में हत्या का केस दर्ज करने की मांग
‘खड़े हनुमान कहीं नहीं जाएंगे’, उमा भारती ने मोहन यादव से कहा- हटाने का प्लान बदलें
थाईलैंड में पुलिस अफसर की खौफनाक करतूत, पत्नी की हत्या के बाद 18 घंटे तक चला ऑपरेशन