ऑपरेटर की नियुक्ति को लेकर विवाद, सलामतपुर सोसायटी में 3 दिन से डले ताले, किसान परेशान
-कृषक सेवा सहकारी सोसायटी सलामतपुर के 11 कर्मचारी हड़ताल पर
-नगद लेन देन सहित खाद के लिए 3 दिन से सोसायटी के चक्कर लगा रहे किसान
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
विगत दिनों जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में महाप्रबंधक के आते ही जिले की संस्थाओं में घमासान दिखाई देने लगा है। वहीं इस समय जिले भर में धान खरीदी का दौर चल रहा है। साथ ही एक अनोखा मामला देखने में आ रहा है कि रायसेन जिले से महज 18 किलोमीटर दूर स्थित कृषक सेवा सहकारिता समिति सलामतपुर में एक ऑपरेटर की नियुक्ति को लेकर कर्मचारी लामबंद हो गए हैं। और उन्होंने संस्था कार्यालय में ताले डाल दिये हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाए हैं कि दीपक पलया की नियुक्ति संस्था में नहीं होनी चाहिए। क्योंकि उन्होंने पूर्व में गेहूं खरीदी में गबन किया था। इसी के तहत उन्हें हटा भी दिया गया था। लेकिन अब उन्हें वापस सेवा सहकारिता समिति सलामतपुर में रखने का आदेश कर दिया गया है। जिसका विरोध देखने को मिल रहा है। वहीं संस्था के समस्त कर्मचारियों ने एकत्रित होकर रायसेन में कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि सेवा सहकारी संस्था सलामतपुर में एक ऑपरेटर कर्मचारी ने गेहूं खरीदी के समय अनियमितता की थी। उसे फिर से संस्था में नियुक्ति देने के आदेश हुए हैं। इसे लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है। सेवा सहकारी संस्था के समस्त कर्मचारी दीपक पलया के खिलाफ हो गए हैं। इनका कहना है कि संस्था में नियुक्ति करने का विरोध करने के बावजूद भी दीपक पलया को नियुक्ति दी जा रही है। लोगों ने लिखित रूप से कलेक्टर, डीआर सहित प्रशासक को अवगत कराया है और कहा कि पूर्व वर्षों में दीपक पलया द्वारा खरीदी केन्द्र पर 100 क्विंटल की हेरा फेरी की थी जो कि केन्द्र प्रभारी कमल सिंह राजपूत द्वारा जांच करने पर सही पाई गई थी। जिसका बाद में सुधार करवाया गया एवं दीपक पलया द्वारा संस्था में किसी प्रकार का कार्य नहीं कराया गया एवं उसका व्यवहार भी किसानों एवं संस्था कर्मचारियो से अच्छा नहीं है। दीपक पालया द्वारा समिति कर्मचारियों पर मानसिक तनाव पैदा कर रहा है। जिससे समिति का कार्य अवरूध हो रहा है। इसलिए दीपक पलया की संस्था में नियुक्ति की जायेगी तो समस्त कर्मचारी काम करने में असमर्थ रहेगे।
28 गांवों के 2300 किसान 3 दिन से खाद के लिए परेशान--सहकारी समिति सलामतपुर में संस्था अंतर्गत आने वाले 8 पंचायतों के 28 गांवों के लगभग 2309 किसान आते हैं। बुधवार को संस्था कार्यालय में सभी 11 कर्मचारियों ने ताला डालकर दीपक की नियुक्ति का विरोध किया है। संस्था कार्यालय बंद होने से सैंकड़ों किसान खाद और नगद लेन देन को लेकर परेशान हैं। कर्मचारी गेट पर ताला लगाकर बाहर ही विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को बड़ी संख्या में आसपास क्षेत्रों तिजालपुर, कटसारी, बागोद, मेढ़की, कचनारिया, शाहपुर, मुड़ियाखेड़ा, गाडरखेड़ी, बेरखेड़ी चौराहा, सुनारी, रातातलाई, ढकना सहित कई गांवों के किसान खाद लेने पहुंचे। खाद लेने आए भगवान सिंह तिजालपुर, रघुवीर मीणा शाहपुर, हरि सिंह कचनारिया व चेन सिंह मीणा सोजना ने बताया कि हम सहकारी संस्था सलामतपुर में 10 दिसबंर से डीएपी, यूरिया, सुपर खाद नही मिल पा रहा है। और ना ही हम रुपये निकाल पा रहे हैं। शासन प्रशासन शीघ्र समस्या का समाधान करें।
इनका कहना है।
दीपक की ऑपरेटर पद पर नियुक्ति को लेकर पूरे कर्मचारियों ने विरोध करते हुए संस्था कार्यालय में ताले डालकर हड़ताल शुरू कर दी है। क्योंकि दीपक ने पूर्व में भी गेंहू खरीदी के समय हेरा फेरी की थी। बाद में विवाद बढ़ने पर यह राशि जमा कर दी गई थी। दीपक की नियुक्ति सलामतपुर संस्था छोड़कर कहीं भी कर दी जाएं। लेकिन हम सभी कर्मचारी उसकी नियुक्ति यहां नही होने देंगे।
कुंवर सिंह दांगी, संस्था प्रबंधक सलामतपुर।
मेने कभी भी सलामतपुर संस्था में कोई भी हेर फेर या अनियमितता नही की है। अपना काम पूरी ईमानदारी के साथ किया है। फिर भी पता नही की क्यों मेरी नियुक्ति का संस्था कर्मचारी विरोध कर रहे हैं।
दीपक पलया, ऑपरेटर
