-​सांची बायपास से पार्सल कंटेनर ज़ब्त, आरोपी ड्राइवर मौके से फरार; सलामतपुर पुलिस ने दर्ज किया मामला

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दीवानगंज के फैक्ट्री चौराहा के पास रात लगभग 11:30 बजे एक तेज रफ्तार बेकाबू कंटेनर ने सड़क पर बैठे गोवंश के झुंड को बेरहमी से कुचल दिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 5 गोवंश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 1 गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सांची बाईपास पर लावारिस मिला पार्सल कंटेनर--मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाला कंटेनर एमपी 40 ज़ेडजी 7077 विदिशा की 'अवीजीत रोड लाइंस ट्रैवल्स' का है। यह कंटेनर पार्सल का सामान लेकर भोपाल से विदिशा की ओर जा रहा था। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक गिरफ्तारी के डर से वाहन लेकर मौके से भाग निकला। हालांकि, सलामतपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकेबंदी की और दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को सांची बाईपास से लावारिस हालत में बरामद कर ज़ब्त कर लिया है। आरोपी ड्राइवर फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

कागजों पर गौशालाएं, सड़कों पर गोवंश: ग्रामीणों का फूटा गुस्सा---इस दुखद घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और गौरक्षकों में प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि दीवानगंज क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से दो-दो गौशालाओं का निर्माण तो कराया गया, लेकिन वे आज तक पूरी तरह संचालित नहीं हो सकीं। ​लाखों के बजट के बाद भी अव्यवस्था का यह आलम है कि ​मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। जिसमें कहीं बिजली और पानी जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं न होने के कारण गौशालाओं पर ताले लटके हैं।

​भ्रष्टाचार के आरोप: कहीं निर्माण कार्य और आवंटित राशि के उपयोग में भारी अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं।

​ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी बजट ठिकाने लगाने के बाद भी गोवंश सड़कों पर भटकने को मजबूर है। रात के समय अंधेरे में ये मूक पशु हाईवे पर बैठ जाते हैं, जिससे आए दिन ऐसे खूनी हादसे हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने की कड़ी कार्रवाई और ठोस व्यवस्था की मांग--स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गौशालाओं के निर्माण में धांधली करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, अधूरी पड़ी गौशालाओं को अविलंब शुरू कर हाईवे से गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके और बेकसूर गोवंश व राहगीरों की जान सुरक्षित रहे।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28