-वन विभाग जानकारी होने के बाद भी तेंदुए को पकड़ने के नही कर रहा इंतेज़ाम

-ग्रामीणों ने प्रशासन से ज़िम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28.COM हर खबर पर पैनी नज़र)

सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले भोपाल विदिशा हाईवे स्थित कुलहाड़िया गांव में कई दिनों से तेंदुए का मूवमेंट है। जिससे तेंदुए के डर से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार शनिवार की दरमियानी देर रात जहूर खान के घर पर बंधे एक बकरे पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए का हमला इतनी तेज था कि गेट पर लगे सरिये की वेल्डिंग भी टूट गई और बकरे का पैर पकड़ लिया। अचानक घर के लोगों की नींद खुली तो तेंदुआ बकरे को छोड़कर भाग गया। वहीं सुबह पशु चिकित्सालय से आए पशु चिकित्सक ने बकरे का उपचार किया। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से इस क्षेत्र में तेंदुआ देखा जा रहा है जो पालतू मवेशी और जानवरों पर हमला कर रहा है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी तेंदुए ने कुलहाड़िया वन परिक्षेत्र में गाय के बछड़े को अपना शिकार बना लिया था। ग्राम नरखेडा के किसान बारेलाल लोधी ने बताया उसकी गाय का बछड़ा गांव से लगे पहाड़ के नीचे बाड़े में बनी टपरिया में बंधा हुआ था। साथ में और भी मवेशी थे। रात में तेंदुए ने गाय के बछड़े को अपना शिकार बना लिया। सुबह किसान पहुंचा तो बछड़ा मरा हुआ पड़ा था। शरीर पर तेंदुए के पंजे और दांतों के निशान भी मिले हैं। इसकी सूचना उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों को दी थी। बता दें की नरखेडा और कुलहड़िया क्षेत्र में पहले भी तेंदुए ने कई मवेशियों को अपना शिकार बनाया है। वहीं ग्रामीणों में तेंदुए का भय बना हुआ है। हालांकि तेंदुए ने अभी तक किसी इंसान पर हमला नहीं किया है। लेकिन मवेशियों को जरूर अपना शिकार बना रहा है। बार-बार क्षेत्र में तेंदुए का मूवमेंट होने के बाद भी वन विभाग उसको पकड़ने के कोई इंतेज़ाम नही कर रहा है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28.COM